🔳 भूगर्भ वैज्ञानिक ने तलाशे बसगांव में दरारों के कारण
🔳 विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने एक किया स्थलीय निरीक्षण
🔳 ग्रामीणों से भी जुटाई गई विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी
🔳जल संस्थान की टीम ने लिया पेयजल टैंक का जायजा
🔳 कृषि भूमि व मकान में दरारें सामने आने से दहशत में हैं ग्रामीण
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के बसगांव में कृषि भूमि व आवासीय भवन में दरारें गहराने से हड़कंप मचने के बाद हरकत में आए श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने भूगर्भ वैज्ञानिक, खनन विभाग व जल संस्थान की संयुक्त टीम के साथ गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों से भी विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार भूगर्भीय सर्वे करवाया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
बसगांव में बीते शुक्रवार को एक दर्जन से अधिक मकानों के ठिक नीचे करीब दो सौ मीटर दायरे में एक मीटर गहरी दरार दिखने से ग्रामीणों में दहशत फ़ैल गई। लंबी चौड़ी दरार सामने आने से गांव के लोग सख्ते में आ गए। ग्रामीणों ने मकानों के ऊपर स्थित बसगांव पेयजल योजना के टैंक से रिसाव को कारण मान दरार का अंदेशा जताया। श्री कैंची धाम की एसडीएम मोनिका ने मामले को गंभीरता से ले शनिवार को राजस्व उपनिरीक्षक को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए। राजस्व उपनिरीक्षक शकील अहमद ने गांव का दौरा किया तो एक आवासीय भवन में अलग अलग स्थानों पर दरारें तथा कोसी नदी की ओर धंसाव का खुलासा हुआ। मंगलवार को उपजिलाधिकारी मोनिका की अगुवाई में भूगर्भ वैज्ञानिक, जल संस्थान व प्रशासन की टीम गांव पहुंची। भू वैज्ञानिक डा. कामिनी बिष्ट ने दरारों का निरीक्षण किया। कोसी नदी क्षेत्र की ओर धंसाव का भी जायजा लिया जबकि जल संस्थान की टीम ने बसगांव पेयजल योजना के टैंक की स्थिति देखी। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी अलग अलग बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने खतरा टालने की पुरजोर मांग उठाई। अंदेशा जताया की यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाया गया तो बड़ी घटना सामने आ सकती है। एसडीएम मोनिका ने बताया की भूगर्भीय वैज्ञानिक की सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खान निरीक्षक अनिल मुयाल, अपर सहायक अभियंता चेतन कुमार, राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील, कमल जोशी, दयाल नेगी, जगमोहन बोहरा, अनूप सिंह नेगी, इंदर बोहरा, मोहन सिंह, अनिल नेगी, दीवान सिंह, पूरन सिंह, फकीर सिंह, प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।




