🔳 जिंप सदस्य के बाद अब ग्राम प्रधानों ने जताया रोष
🔳 जांच को पहुंची दो सदस्यीय टीम को सौंपा ज्ञापन
🔳 बैंक कर्मियों पर लगाया ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप
🔳 वर्तमान में तैनात कर्मचारीयों के तत्काल तबादले की उठाई मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बैंक ऑफ बड़ौदा की बेतालघाट शाखा के कर्मचारीयों पर ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगने के बाद हरकत में आए लीड बैंक प्रबंधन हल्द्वानी से पहुंचे दो सदस्यीय टीम के सदस्यों ने बाजार के लोगों से वार्ता की। पंचायत प्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने टीम के सदस्यों को ज्ञापन सौंप दूसरे कर्मचारियों की तैनाती की मांग उठाई। वर्तमान में तैनात कर्मियों पर कई गंभीर आरोप लगा स्थानांतरण पर जोर दिया।
जिला पंचायत सदस्य बेतालघाट तरुण शर्मा के बेतालघाट बाजार में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में कार्यरत कर्मचारियों पर ग्राहकों के साथ गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाए जाने समेत कई गंभीर आरोप लगा रिजनल मैनेजर को ज्ञापन भेजने के बाद सोमवार को लीड बैंक प्रबंधन की दो सदस्यीय टीम बेतालघाट पहुंची। बाजार क्षेत्र में पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने टीम के सदस्यों को बताया की दूरदराज के गांवों से लोग बीओबी की बेतालघाट स्थित शाखा पहुंचते पर बैंक कर्मी ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। ग्राहकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। ग्राहकों के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाकर कर्मचारी राष्ट्रीय बैंक की छवि को धूमिल कर रहे हैं। लोग बैंक कर्मियों के व्यवहार से बेहद परेशान हो चुके हैं। बैंक में तैनात सभी कर्मचारियों का स्थानांतरण किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि सप्ताहभर में कार्रवाई नहीं की गई तो बैंक शाखा के बाहर धरना शुरु किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने टीम के सदस्यों को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा, ग्राम प्रधान घोड़ियां हल्सो गणेश चंद्र, व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी, भरत राज, किशोर कुमार, जगत सिंह, दयाल सिंह, हीरा बिष्ट, दीपक पडियार, नवीन चमकनी, प्रताप बोहरा, लोकेश नाथ, दीपक पडियार, भुवन चंद्र, नवीन पुरी आदि मौजूद रहे।




