🔳 25 लाख रुपये पहुंचा योजना का विद्युत बिल
🔳 बिल का भुगतान लटकने से विद्युत विभाग ने काटा कनेक्शन
🔳 पेयजल आपूर्ति ठप होने से चार सौ परिवार परेशान
🔳 क्षेत्रवासियों ने जनहित में आपूर्ति सुचारु किए जाने पर दिया जोर
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट व आसपास के क्षेत्रों में चापड पेयजल पंपिंग योजना से आपूर्ति ठप होने से हाहाकार मच गया है। पंपिग योजना का विद्युत बिल जमा न होने से विद्युत विभाग ने योजना का कनेक्शन काट दिया है। योजना से आपूर्ति ठप हो जाने से लोगों को कड़ाके की ठंड में दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह के अनुसार बिल का भुगतान न होने से कनेक्शन काट दिया गया है।
करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई महत्वपूर्ण चापड पंपिंग पेयजल योजना कर्ज के दलदल में फंसे गई है। बेतालघाट, चापड व आसपास के करीब चार सौ परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने वाली योजना से तीन दिन से आपूर्ति ठप पड़े होने से लोगों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र के होटल व्यवसाई भी परेशान हैं। पेयजल संकट गहराने से स्थानीय लोग दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। वहीं पंपिंग पेयजल योजना का विद्युत बिल लंबित होने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पेयजल निगम के विभागीय अधिकारियों की मानें तो योजना निर्माण के बाद ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कर दी गई है पर बिल का भुगतान न होने से विद्युत कनेक्शन काट दिया गया है। जानकारी मिली है की दो वर्ष का बिल लंबित है। पेयजल निगम की अधिशासी अभियंता पल्लवी चौधरी के अनुसार ग्राम पंचायत योजना का संचालन नहीं कर पा रही है। लंबित बिल जमा होने के बाद योजना को विभाग से ही संचालित किए जाने का प्रयास किया जाएगा। इधर क्षेत्रवासियों ने जनहित को ध्यान में रख पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।