◾रोजी रोटी के लिए गांव से पलायन कर गए युवा कलाकर
◾मझेडा़ गांव की सुप्रसिद्ध रामलीला पर लगा ब्रेक
◾सूना पड़ गया रामलीला मैदान व मंच
◾पलायन से पचास फीसदी खाली हुआ गांव
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

एक ओर जहां गांव गांव नवरात्र के महीने होने वाली रामलीला मंचन की तैयारीयां जोर-शोर से चल रही है वहीं बेतालघाट ब्लॉक के मझेडा़ गांव का रामलीला मैदान व मंच सूना पड़ा है। कभी क्षेत्र की सुप्रसिद्ध रामलीलाओं में शुमार मझेडा़ गांव की रामलीला पर कलाकारों के अभाव में ब्रेक लग गया है। मंचन में अभिनय करने वाले अधिकांश युवा रोजगार की तलाश में गांव से हुए पलायन कर गए हैं।
मूलभूत सुविधाओं व रोजगार के अभाव में गांवों से पलायन बढ़ता ही जा रहा है। गांव के गांव खाली होते जा रहे हैं। पलायन की मार से गांव बेजार हो रहे हैं। गांवों में संस्कृति भी विलुप्त होने के कगार पर पहुंचने लगी है। इसका जीता जागता उदाहरण बन चुका है बेतालघाट ब्लॉक का मझेडा़ गांव। गांव में होने वाली सुप्रसिद्ध रामलीला का कभी पूरे क्षेत्र में डंका था। दूर-दराज से लोग रामलीला मंचन का लुत्फ उठाने मझेडा़ गांव पहुंचते। एक महिने पहले से ही कलाकार तालीम के जरिए अभिनय के गुर सिखते। पूरे गांव में उत्सव सा माहौल रहता पर अब रामलीला मंचन पर ब्रेक लग चुका है। मंचन में अभिनय करने वाले अधिकांश युवा रोजगार की तलाश में गांव से बाहर जा चुके हैं। जिस कारण रामलीला मंचन नहीं हो पा रहा। अधिकांश लोगों के गांव से दूर जाने का सीधा असर रामलीला मंचन पर पड़ा है। स्थानीय गिरीश पांडे, हेम उप्रेती, दिगंबर त्रिपाठी के अनुसार पलायन से गांव खाली हो चुका है। लगभग पचास फीसद पलायन से रामलीला मंचन प्रभावित हुआ है। कलाकारों के अभाव में रामलीला मंचन नहीं हो पा रहा। रामलीला मंचन न होने से रामलीला मैदान व मंच भी सूना पड़ा है तो गांव के निराश भी है।

error: Content is protected !!