🔳 दो महीने से राशन उपलब्ध न होने से आमजन परेशान
🔳 अनाज उगाने वाले अन्नदाता भी बाजार पर निर्भर
🔳 बारिश न होने से दोतरफा मार से किसान चिंतित
🔳 क्षेत्रवासियों ने राशन आवंटित किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

पहाड़ के लोग पहाड़ जैसी समस्याओं का सामना करने को मजबूर हो चुके हैं। पहले इंद्रदेव के रुठने से किसान मायूस हैं अब दो महीने से सरकारी राशन उपलब्ध न होने से आमजन प¹रेशान हैं। ग्रामीण गांवों में स्थित सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानों में चक्कर काटकर थक चुके हैं पर राशन उपलब्ध नहीं हो रहा। मजबूरी में आम आदमी बाजार से महंगा राशन खरीदने को मजबूर हो चुके हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोग परेशानियों के बीच जीवन बिताने को मजबूर हो चुके हैं अब अन्न के दाने दाने को तक लोग मोहताज होते जा रहे हैं। पिछले चार महीने से बारिश न होने से खेत सूखे पड़े हैं वहीं अब दो महीने से सरकारी राशन तक नसीब नहीं हो पा रहा। बेतालघाट ब्लॉक के मझेडा गोदाम से जुड़े 1487 एपीएल, 862 अंतोदय व 4216 खाद सुरक्षा कार्ड धारकों को दिसंबर से राशन ही उपलब्ध नहीं हो सका है। यही हालात बेतालघाट गोदाम से जुड़े उपभोक्ताओं के भी है। राशन उपलब्ध न होने से कार्डधारक बाजार से महंगी कीमत पर राशन खरीदने को मजबूर हो चुके हैं। सरकारी राशन का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। ऐसे में कार्डधारकों में रोष भी व्याप्त है। ग्रामीणों ने उपेक्षा का आरोप लगा गहरी नाराजगी भी जताई है। जल्द सरकारी राशन उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग की पूर्ति निरीक्षक अनीता पंत के अनुसार खरीद समय पर न होने से आपूर्ति प्रभावित हुई। अनाज की खरीद हो चुकी है। आवंटन होने के साथ ही राशन की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।