◾ गरमपानी क्षेत्र में बोल्डर से टकराकर बाइक सवार गंभीर घायल
◾प्राथमिक उपचार के बाद किया हायर सेंटर रेफर
◾पहाड़ी से गिरा बोल्डर न हटाए जाने से आए दिन सामने आ रही दुर्घटनाएं
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर गरमपानी क्षेत्र में पहाड़ी से गिरा बोल्डर हादसों का सबब बन चुका है। लंबे समय से हाइवे किनारे बोल्डर से टकराकर लोग चोटिल हो रहे हैं बावजूद एनएच प्रशासन सुध नहीं ले रहा। रानीखेत से नैनीताल की ओर जा रहे युवक की बाइक बोल्डर से जा टकराई। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
एनएच प्रशासन की लापरवाही हाइवे पर आवाजाही करने वाले लोगों पर भारी पड़ती जा रही है। बावजूद एनएच प्रशासन की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। गरमपानी क्षेत्र में कुछ माह पूर्व थुवा की पहाड़ी से गिरा विशालकाय बोल्डर हाइवे से न हटाए जाने से कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। बुधवार को रानीखेत से नैनीताल की ओर जा रहा बाइक सवार गौरव गंगोला निवासी पंगूट (नैनीताल) बाइक समेत बोल्डर से टकरा गया। आसपास के लोगो ने गौरव को सीएचसी गरमपानी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। इससे पहले भी कुछ माह पूर्व बारातियों से भरी कार भी बोल्डर से टकरा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। एनएच प्रशासन की अनदेखी से स्थानीय लोगों ने रोष जताया है। जल्द बोल्डर हटाए जाने की मांग उठाई है। चेताया है कि यदि जल्द बोल्डर नहीं हटाया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
