🔳 जिला पंचायत पर लगाया उपेक्षा किए जाने का आरोप
🔳 जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आर-पार का ऐलान
🔳 दुकानों में कूड़ा देख पर्यटकों व यात्रियों ने भी रुकना छोड़ा
🔳 एसडीएम ने दिलाया व्यवस्था में सुधार का भरोसा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी बाजार से कूड़ा न उठने से व्यापारियों का पारा चढ़ गया है। व्यापारियों ने जिला पंचायत पर उपेक्षा का आरोप लगा रोष जताया है। व्यापारियों के अनुसार समुचित शुल्क देने के बावजूद बाजार में कूड़ा वाहन से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा जबकि प्रशासन कूड़ा मिलने पर जुर्माना लगाने की मुनादी कर रहा है।
गरमपानी बाजार क्षेत्र से कूड़ा निस्तारण न होने से दुकानों में कूड़े का ढेर लग चुका है। पिछले कई दिनों से कूड़ा वाहन के बाजार क्षेत्र में न पहुंचने से दुकानदारों को कूड़ा निस्तारण में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़ा इकट्ठा होने से पर्यटक व यात्री भी बाजार में रुकना पसंद नहीं कर रहे जिस कारण दुकानदारों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष तिवारी के अनुसार कई बार कहने के बावजूद कूड़ा निस्तारण नहीं हो पा रहा। लगातार उपेक्षा की जा रही है जिस कारण अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है जबकि बाजार के व्यापारी समुचित शुल्क का भुगतान भी कर रहे हैं। व्यापारियों ने जिला पंचायत की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो फिर जिला पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा। श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के अनुसार जिला पंचायत को निर्देशित कर जल्द व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।




