◾स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
◾तबीयत बिगड़ने पर उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे स्वजन
◾प्रथम दृष्टया हृदयाघात से मौत का अंदेशा

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के सीम गांव निवासी सोलह वर्षीय नौनिहाल की मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे‌ जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई । चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदयघात प्रतीत हो रहा है। नौनिहाल की मौत से गांव में मातम पसर गया है। स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

सोमवार सुबह सीम गांव निवासी हर्षित (16) पुत्र चंदन सिंह की तबीयत एकाएक बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर आनन फानन में स्वजनो व ग्रामीणों ने हर्षित को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। स्वजनों ने चिकित्सकों को बताया की सुबह अचानक हर्षित को दौरा जैसा उठा और तबीयत बिगड़ती चली गई। बाल रोग विशेषज्ञ डा. साक्षी तथा डा. नीरज कुमार हर्षित के उपचार में जुट गए। अचानक उपचार के दौरान ही हर्षित ने दम तोड़ दिया। हर्षित की मौत से स्वजनों में चीख पुकार मच गई। गमगीन माहौल में स्वजन व ग्रामीण शव लेकर गांव की ओर रवाना हो गए। नौनिहाल की मौत से गांव में भी मातम पसर गया है। बाल रोग विशेषज्ञ डा. साक्षी के अनुसार प्रथम दृष्टया हृदयाघात से मौत होने का अंदेशा है।

error: Content is protected !!