🔳 गृहस्थी का सामना व हजारों रुपये की नगदी भी हुई राख
🔳 नैनीपुल बाजार क्षेत्र में हुई घटना से मचा हड़कंप
🔳 स्थानीय लोगों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल पाया आग पर काबू
🔳 शार्ट सर्किट से आग लगने का जताया जा रहा अंदेशा
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित नैनीपुल बाजार क्षेत्र में मिठाई की दुकान चलाने वाले व्यापारी के आवासीय मकान में आग धधकने से सारा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। शार्ट सर्किट के कारण आग लगने का अंदेशा है। क्षेत्रवासियों ने व्यापारी को मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।
नैनीपुल बाजार क्षेत्र में नवीन चंद्र तिवारी मिठाई की दुकान चलाते हैं। समीप ही वह किराए के कमरे में पत्नी व बच्चों समेत रहते हैं। सोमवार को नवीन व उसका परिवार समीपवर्ती सिरसा गांव में रामलीला देखने रवाना हो गया। रात के समय नवीन के कमरे से धुआं निकलते देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर से आग की लपटे निकलने से हड़कंप मच गया। लोगों ने आग पर काबू पाने को अभियान शुरु किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल आग पर काबू पाया जा सका पर तब तक घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। सूचना पर गृहस्वामी भी मौके पर पहुंचा। गनीमत रही की घर पर कोई नहीं था और बड़ी अनहोनी टल गई। आग से हजारों रुपये की नगदी, बच्चों के कपड़े व कापी किताब तक जलकर नष्ट हो गई है। स्थानीय कुबेर सिंह जीना, शंभू दत्त, दीवान सिंह जीना, गूड्डू रौतेला, धर्म सिंह, सोनू बिष्ट, बालमुकुंद सिंह जीना आदि ने प्रभावित परिवार को नुकसान का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।
