🔳 छह महीने से छतौला क्षेत्र स्थित होटल में कर रहा था काम
🔳 बीते रोज से संपर्क न होने पर स्वजन कर रहे थे तलाश
🔳 मृतक के चाचा ने लगाया हत्या किए जाने का आरोप
🔳 पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की ओर रवाना
🔳 स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के छतौला क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में नाबालिग के चादर से लटके होने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर आसपास के ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के स्वजनों को भी सूचना भेजी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को नैनीताल भेज दिया है। मृतक के चाचा ने भतीजे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा होगा।
छतौला गांव स्थित क्राॅस वुड होटल में समीपवर्ती गांज गांव निवासी हिमांशु नयाल (17) पुत्र प्रेम सिंह नयाल बीते कुछ महीनों से कार्यरत था। बीते रविवार को संपर्क साधने पर उससे बातचीत न होने पर स्वजन चिंतित हो उठे। होटल के कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई गई पर सही जवाब नहीं मिलने पर हिमांशु की खोजबीन शुरु की गई। अनहोनी की आंशका से होटल पहुंचे स्वजनों ने कई कमरे भी देखें पर पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह स्वजन जब दोबारा होटल पहुंचे और एक बंद कमरे को खोला गया तो अंदर हिमांशु का शव लटकते देख स्वजनों व ग्रामीणों के होश उड़ गए। सूचना पर भवाली, क्वारब व खैरना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरु की तथा साक्ष्य एकत्र करने को घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलवा लिया गया। स्वजनों ने हिमांशु की हत्या किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगाया। मृतक के चाचा खीम नयाल ने कहा की उनके भतीजे की हत्या कर दी गई है। होटल के कर्मी शुरु से ही बरगलाते आ रहे हैं। जिस कमरे के अंदर शव बरामद किया गया है उस कमरे तक की चाबी देने में आनाकानी की गई। जब जबरदस्ती चाबी लेकर कमरा खोला गया तो अंदर हिमांशु का शव लटकता मिला। उन्होंने मामले में खुलासा कर दोषियों को दंडित किए जाने की मांग उठाई है। घटना से स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है जबकि मृतक के गांव में मातम पसर गया है। घटना से गांव के लोग भी सख्ते में है। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार सभी बिंदुओं पर जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के असल कारणों का खुलासा होगा। होटल कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।




