◾ पर्यटन सीजन के मद्देनजर लिया गया निर्णय
◾ क्वारब से वाया रामगढ़ होगी आवाजाही
◾ अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमाओं पर हुई पुलिसकर्मियों की तैनाती
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर पर्यटक सीजन में बढ़ते वाहनों के दबाव को देख माल वाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। सुबह 6 से शाम 8 बजे तक मालवाहक वाहनो के लिए रुट डायवर्ट कर दिया गया है। चौकी प्रभारी खैरना दिलीप कुमार के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जनपद की सीमा पर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर नियम का पालन करवाया जा रहा है।
पर्यटन सीजन के चलते अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। कैंची धाम में आगामी 15 जून को स्थापना दिवस पर सुप्रसिद्ध मेले की तैयारियां भी तेज हो गई है। यातायात व्यवस्था चाक चौबंद रहे इसके लिए पुलिस ने भी विशेष रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत हाइवे पर मालवाहक वाहनो की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। सुबह 6 से रात 8 बजे तक हाइवे पर मालवाहक वाहन आवाजाही नहीं कर सकेंगे। अल्मोड़ा से वाया क्वारब रामगढ़ होते हुए भवाली जबकि रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले वाहन भी वाया क्वारब होते हुए ही गंतव्य को रवाना होगे। हल्द्वानी से पहाड़ जाने वाले मालवाहक वाहन भवाली से रामगढ़ होते हुए क्वारब पहुंचेंगे। चौकी प्रभारी खैरना दिलीप कुमार के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नियमों के पालन को अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमा पर रानीखेत पुल तथा क्वारब क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा चुकी है। चौकी प्रभारी ने वाहन स्वामियों व चालकों से भी सहयोग करने का आह्वान किया है।
