🔳 कोसी नदी क्षेत्र में विधायक ने किया निर्माण कार्य का भूमि पूजन
🔳 आंदोलनकारियों ने कार्य गति न पकड़ने तक आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
🔳 विभागीय अधिकारियों पर लगाया पूर्व में वादाखिलाफी का आरोप
🔳 गांव की महिलाओं ने भी आंदोलन में की बढ़-चढ़कर भागीदारी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग के समीप कोसी नदी में बयेडी पंपिंग पेयजल योजना के इनफील्ट्रेशन वेल (कुआं) खदान का कार्य शुरु होने के बावजूद बयेडी गांव में क्रमिक अनशन पर डटे आंदोलनकारियों के तेवर ढीले नहीं पड़े। आंदोलनकारियों ने दो टूक कहा की जब तक कार्य रफ्तार नहीं पकड़ेगा आंदोलन समाप्त नहीं होगा। आरोप लगाया की पूर्व में भी ग्रामीणों को आश्वासनों व दावों से ठगा जा चुका है।
शनिवार को भुजान क्षेत्र के समीप कोसी नदी पर विधायक रानीखेत डा. प्रमोद नैनवाल ने बयेडी पंपिंग पेयजल योजना के इनफील्ट्रेशन वेल निर्माण को भूमि पूजन किया। विधायक ने विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य तय समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। भूमि पूजन होने पर लोगों ने योजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद जताई पर बयेडी गांव में पिछले छह दिनों से आंदोलनरत आंदोलकारियों ने कतई पीछे न हटने का ऐलान किया। किसान विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे ने कहा की जब तक कार्य गति नहीं पकड़ेगा आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। आरोप लगाया की विभागीय अधिकारी पूर्व में भी समझौते पत्र के माध्यम से योजना निर्माण का भरोसा दिला चुके हैं बावजूद आज तक योजना अस्तित्व में नहीं आ सकी। धरनास्थल पर पहुंची महिलाओं ने भी कतई पीछे न हटने का ऐलान किया। इस दौरान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अभिषेक बिष्ट, लछी राम, ललित चंद्र, महेंद्र सिंह राणा, पुष्कर राम, नंद राम, दीप चंद्र, गोपाल दत्त, रमेश चंद्र, सुरेन्द्र फर्त्याल, चंपा देवी, धनुली देवी, मीना, चंपा, भगवती पांडे, तनुजा पांडे, चंदन सिंह आदि मौजूद रहे।




