◾ अधिकांश मवेशियों के बिमार पड़ने से पशुपालक चिंतित
◾ग्राम प्रधान ने उठाई पशुओं को उपचार उपलब्ध कराने की मांग
◾ पशुचिकित्साधिकारी ने किया गांव में शिविर लगाने का दावा
◾बेतालघाट ब्लॉक के तल्लाकोट व बादरकोट गांव का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के बादरकोट तथा तल्लाकोट गांव में संक्रामक लंपी बिमारी ने एक बार फिर पांव पसार लिया है। दो पशुपालको के गोवंशीय पशु दम भी तोड़ चुके हैं जबकि करीब बीस से ज्यादा पशुपालको के पशु बीमार है। ग्राम प्रधान पूजा पिनारी ने पशुओं को उपचार उपलब्ध कराए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। पशुचिकित्साधिकारी डा.नेहा चौधरी के अनुसार गांव में शिविर लगाकर पशुओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
लंबे समय तक शांत रहने के बाद अब लंपी बिमारी ने एक बार फिर पांव पसार लिए हैं। बेतालघाट ब्लॉक के बादरकोट व तल्लाकोट गांव में लगभग बीस से ज्यादा पशुपालको के पशु बीमार हैं। पशुपालको के अनुसार मवेशियों ने खाना छोड़ दिया है पेट फूलने लगा है तथा पूरे शरीर में दाने भी उभर आए हैं। बिमारी की चपेट में आने से तल्लाकोट गांव के पशुपालक विक्रम सिंह तथा बादरकोट गांव के चंदन सिंह के मवेशी दम भी तोड़ चुके हैं। पशुओं के बीमार होने से पशुपालक भी चिंतित हैं। पूर्व में मवेशियों को टीकाकरण कराए जाने के बावजूद पशुओं के लंपी बिमारी की चपेट में आने से पशुपालक हैरत में हैं। ग्राम प्रधान ने मामले की सूचना पशुपालन विभाग को दे मवेशियों के उपचार की मांग उठाई है। पशुचिकित्साधिकारी डा. नेहा चौधरी के अनुसार जल्द तल्लाकोट व बादरकोट गांव में शिविर लगाकर पशुओं को उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। पशुचिकित्साधिकारी ने पशुपालकों से विशेष अहतियात बरतने का भी आह्वान किया है।

error: Content is protected !!