◾दो महीने से भी ज्यादा समय से बदहाल है गांव की सिंचाई नहर
◾कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद नहीं ली जा रही सुध
◾खेतों में पानी न पहुंचने से बर्बाद होती जा रही फसल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवो में खेतीबाड़ी चौपट होने के कगार पर पहुंच चुकी है। जंगली जानवर उपज को रौंद बर्बाद कर दे रहे हैं तो वहीं कई गांवों में सिंचाई नहरों के बदहाल होने से किसान मायूस हैं। ग्राम पंचायत सेठी धारकोट में चालीस से ज्यादा किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने को बनाई गई नहरें डेढ़ महीने से बदहाल है बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। परेशान किसानों ने नहर की मरम्मत किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
कोसी घाटी में बदहाल सिंचाई नहरें किसानों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। सिंचाई का पानी खेतों तक न पहुंच पाने से उपज सूखने के कगार पर पहुंच चुकी है। बेतालघाट ब्लॉक के चांदपुर बरसाती गधेरे से खोला समेत आसपास के गांवों में करीब चालीस से ज्यादा किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने को बनाई गई सिंचाई नहर डेढ़ महीने पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के बाद बदहाल हालत में है। किसान कई बार नहर को दुरुस्त किए जाने की मांग उठा चुके है बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। अनदेखी से किसानों में गहरा रोष व्याप्त है। किसानों ने आरोप लगाया है की लगातार अनदेखी की जा रही है। गांव में आय का एकमात्र साधन खेतीबाड़ी भी चौपट होता जा रही है। किसानों की आय दोगुनी करने के दावे तो खूब किए जा रहे हैं पर सिंचाई तक के लिए पानी को मोहताज होना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान प्रेमा गोस्वामी, प्रदीप गोस्वामी, राधा देवी, प्रेम गिरी, नंद किशोर, त्रिलोक गिरी आदि ने सिंचाई नहर को तत्काल दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है ताकी किसानों को लाभ मिल सके।




