🔳 खैरना बाजार से कूड़ा वाहन के लौटने पर जताया रोष
🔳 छड़ा व आसपास के बाजार क्षेत्रों की अनदेखी पर नाराजगी
🔳 लाइसेंस फीस व समुचित शुल्क भुगतान के बावजूद नहीं मिल रही सुविधा
🔳 विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में दो सप्ताह से भी अधिक समय से कूड़ा वाहन के न पहुंचने से व्यापारियों का पारा चढ़ गया है। व्यापारियों ने आरोप लगाया की वाहन खैरना बाजार से वापस लौट जा रहा है जबकि छड़ा बाजार की उपेक्षा की जा रही है। व्यापारियों ने जिला पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े किए हैं।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित बाजार क्षेत्रों में कूड़ा वाहन के जरिए कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था है। बकायदा इसके लिए व्यापारी प्रतिमाह लाइसेंस फीस के साथ ही अतिरिक्त शुल्क भी वसूल करते हैं। शुल्क देने के बावजूद व्यवस्था पर समय समय पर सवाल उठते रहे हैं। छड़ा व आसपास के बाजार क्षेत्रों में दो सप्ताह से कूड़ा वाहन के न पहुंचने से लोग परेशान है। दुकानों में कूड़े का ढेर लग चुका है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार कूड़ा वाहन खैरना बाजार क्षेत्र से वापस लौट जा रहा है। चौराहे में एकत्र किए गए कूड़े के कट्टों वाहन में भरकर ले जाया जा रहा है पर छड़ा व आसपास के बाजारों की सुध ही नहीं ली जा रही। महेश नैनवाल, सुरेन्द्र राठौर, पंकज मेहरा, पितांबर नेगी, संजय बिष्ट, अखिल सिंह, दिनेश सिंह, बालम सिंह, खुशाल सिंह, हीरा सिंह, चंदन सिंह, जीवन सिंह, राजन मोर्या, दीवान सिंह आदि व्यापारियों ने जिला पंचायत की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया है। जल्द व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार बिश्नोई के अनुसार कूड़ा वाहन को सभी बाजार क्षेत्रों में भेजा जाएगा। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।




