🔳गुलदार की आवाजाही बढ़ने से घरों में कैद हो रहे बच्चे
🔳अनहोनी के अंदेशे से स्वजन बच्चों को खेलने भेजने तक में कतराने लगे
🔳दिन दोपहर ही गुलदार के आबादी तक पहुंचने से बढ़ रही दहशत
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों में गुलदार की आवाजाही तेज होने से नौनिहालों का बचपन भी घरों में कैद हो जा रहा है। गुलदार की दहशत से स्वजन नौनिहालों को घर के बाहर खेलने को भेजने में डरने लगे हैं। ऐसे में नौनिहालों के लिए लॉकडाउन जैसे हालात पैदा हो गए हैं। अनहोनी के अंदेशे से स्वजन मासूमों की सुरक्षा को गंभीर हो चुके हैं। दिन दोपहर गुलदार की आबादी तक पहुंच बढ़ने से दहशत का माहौल बना हुआ है।
बेतालघाट तथा समीपवर्ती ताड़ीखेत, रामगढ़ व हवालबाग ब्लॉक के गांवों में गुलदार आंतक का पर्याय बन चुके हैं। हाइवे पर स्थित काकड़ीघाट, बेड़गांव, सुयालबाड़ी, चापड़ समेत तमाम गांवों में गुलदार की आवाजाही तेज होने से ग्रामीण खौफजदा है। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। महिलाओं ने खेतों में जाने में डरने लगी है वहीं अब स्वजन नौनिहालों को घर से बाहर खेलने भेजने तक में डरने लगे हैं।विद्यालय से घर पहुंचने के बाद नौनीहाल घरों में कैद हो जा रहे हैं। नौनिहालों के लिए लॉकडाउन जैसे हालात पैदा हो चुके हैं। बच्चे घरों में मायूस हो रहे हैं पर गुलदार के बढ़ते खौफ से स्वजन कोई भी खतरा नहीं उठाना चाहते। काकड़ीघाट निवासी गोपाल सिंह कनवाल के अनुसार लगातार खतरा बढ़ रहा है। स्वजन बच्चों को लेकर चिंतित हैं। चापड़ के विजय सिंह, टूनाकोट के सुनील मेहरा के अनुसार मवेशियों को आए दिन गुलदार मार डाल रहे हैं। अब दिन के उजाले में गुलदार आबादी तक पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से लगातार बढ़ रहे गुलदार के खतरे से निजात दिलाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।




