🔳खैरना से बेतालघाट तक शराब तस्करों ने बढ़ाई सक्रियता
🔳खैरना व बेतालघाट में सरकारी शराब की दुकानें बंद होने का उठा रहे फायदा
🔳अधिकारियों की अनदेखी से गांव गांव पहुंचाई जा रही शराब
🔳धड़ल्ले से पहुंच रही शराब से गांवों के अशांत होने का अंदेशा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर खैरना बाजार तथा बेतालघाट क्षेत्र में स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान सप्ताह भर से बंद पड़ी होने से तस्करों के पौ बारह हो रहे हैं। गांवों में शराब तस्करी के साथ ही ऊंची कीमतों पर अवैध शराब बिक्री की कालाबाजारी भी जोर पकड़ गई है। आदर्श आचार संहिता में भी तस्कर आबकारी विभाग को चुनौती दे रहे हैं।जिला आबकारी अधिकारी एनआर जोशी के अनुसार लगातार छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
गांवों में अवैध देशी शराब की तस्करी चरम पर पहुंच गई है। हालांकि पुलिस समय समय पर तस्करों पर शिकंजा कस रही है पर आबकारी विभाग की अनदेखी का तस्कर खूब फायदा उठा रहे हैं। हाइवे पर खैरना व बेतालघाट क्षेत्र में सरकारी शराब की दुकान बंद होने से तस्कर चोरी छिपे ऊंची कीमतों पर शराब बिक्री में जुटे हुए हैं। गांव गांव शराब पहुंचने से गांवों का माहौल भी अशांत होता जा रहा है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के बावजूद शराब तस्करी से तमाम गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। लोगों ने शराब तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाने की पुरजोर मांग उठाई है। आरोप लगाया है की शराब तस्करी से चुनाव प्रभावित होने का अंदेशा भी बना हुआ है। किसान मजदूर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव कृपाल सिंह मेहरा ने मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!