🔳 स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बचाई जान
🔳 पुल के किनारे सुरक्षा कार्यों की अनदेखी से आए दिन हो रही दुर्घटनाएं
🔳 दूसरे छोर पर भी मंडरा रहा दुर्घटना का खतरा
🔳 क्षेत्रवासियों ने एनएच प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
🔳 जनहित से खिलवाड़ पर जताई गहरी नाराजगी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रामगाढ़ पुल से बाइक सवार असंतुलित होकर खाई की ओर जा गिरे। बाइक सवारों के गिरने से हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने बामुश्किल दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला। समय रहते राहत व बचाव कार्य होने से बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल पर सुरक्षा की अनदेखी से आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही।
हाईवे पर रामगढ़ पुल पर एक के बाद एक दुर्घटनाएं सामने आ रही है। पूर्व में पिकअप वाहन समेत कई वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मंगलवार को अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रहे हल्द्वानी निवासी बाइक सवार दो युवक पुल से खाई की ओर जा गिरे। लंबे समय से पुल के एक छोर पर रैलिंग के टूटे होने से जोखिम कई गुना बढ़ता ही जा रहा है। बाइक सवारों के खाई की गिरने की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह मेहरा की अगुवाई में रेस्क्यू अभियान शुरु किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाल हाईवे पर पहुंचाया जा सका। गनीमत रही की दोनों को हल्की चोट पहुंची और बड़ा हादसा टल गया। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला सचिव गोधन सिंह बर्गली ने आरोप लगाया की आए दिन दुर्घटनाएं सामने आने के बावजूद एनएच प्रशासन की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा आवाजाही करने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। दूसरे छोर पर भी खतरा मंडरा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय रघुराज सिंह बर्गली, गौरव पंत, मनीष तिवारी, ललित, भास्कर, फिरोज अहमद, मनोज बिष्ट आदि ने दुर्घटना टालने को सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।