🔳ग्रामीण हिमालयन हाट मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
🔳विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को किया गया सम्मानित
🔳आसपास के गांवों से मेले में पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के प्यूडा़ गांव में पांच दिवसीय ग्रामीण हिमालयन हाट मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांधा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया। आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने मेले में पहुंच खरीददारी की।
शनिवार को ग्रामीण हिमालयन हाट मेले का शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष निर्मला जीना ने मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर किया। निर्मला जीना ने कहा की ऐसे मेले से संस्कृति को बढ़ावा मिलता है साथ ही कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध होता है। निर्मला ने आरोही संस्था के स्वास्थ्य, शिक्षा तथा आजिविका के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। चौकी प्रभारी क्वारब बालकृष्ण आर्या ने विभिन्न कानूनी जानकारियां दे लोगों को जागरुक किया। जूनियर वर्ग में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में आरोही बल संसार विद्यालय की टीम विजेता बनी जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय गढ़गांव दूसरे तथा ग्लोबल पब्लिक स्कूल तल्ला रामगढ़ की टीम तीसरे पायदान पर रही। सीनियर वर्ग में ग्लोबल पब्लिक स्कूल तल्ला रामगढ़ की टीम ने जीत दर्ज की। हरिकृष्ण त्रिवेदी मेमोरियल सुपई दूसरे तथा शिशु मंदिर नथुवाखान की टीम तीसरे स्थान पर रही। रिमझिम कुर्माचल सांस्कृतिक टीम ने भी शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विभिन्न आयु वर्ग में कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता भी हुई। विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान संस्था के अधिशासी निदेशक डा. पंकज तिवारी, चंद्रशेखर, दीपक नयाल, गोपाल नेगी, यशपाल आर्या, भूपेंद्र बिष्ट, आंनद राणा, देवेन्द्र नयाल, कवि कुमार, समिरन त्रिपाठी, मुन्नी सुयाल, बृजेश कुमार, हेमराज नयाल आदि मौजूद रहे।




