🔳खनन व प्रशासन की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
🔳सुबह से देर शाम तक चले अभियान से पूरे क्षेत्र में मचा हड़कंप
🔳जांच पड़ताल के बाद अब तय होगा जुर्माना
🔳कोसी घाटी में अवैध खदान के मामले सामने आने से हरकत में अफसर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कोसी घाटी में अवैध खनन पर शिकंजा कसने को प्रशासन के बाद अब खान विभाग की टीम भी हरकत में आ गई है। विभागीय अधिकारियों ने कोसी घाटी क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। एकाएक चले अभियान से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने स्टोन क्रशर व उपखनिज पट्टों की जांच की। जिला खान अधिकारी ताजेश्वर सिंह के अनुसार जांच पूरी कर ली गई है।जल्द जुर्माना भी लगाया जाएगा।
सोमवार को जिला खान अधिकारी ताजेश्वर सिंह की अगुवाई में खनन व प्रशासन की संयुक्त टीम ने बेतालघाट क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। बीते रविवार को विशेष अभियान चलाने के बाद दूसरे दिन भी छापेमारी अभियान चलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के भय से नदी में उपखनिज पट्टों से डंपर खाली ही वापस लौट गए। दिन भर उपखनिज पट्टों में काम ठप रहा। खदान में जुटे श्रमिक भी वापस लौट आए। अधिकारियों की टीम ने बढेरी, बर्धो, रतौडा, नैनीचैक, घंघरेठी, बेतालघाट आदि क्षेत्रों में उपखनिज पट्टों की जांच की। पट्टों के सीमांकन का जायजा लिया। स्वीकृत पट्टों से बाहर किए गए खदान पर रिपोर्ट तैयार की। उपखनिज पट्टों की जांच के बाद संयुक्त टीम ने स्टोन क्रशरों की जांच की। तीन स्टोन क्रशर में उपखनिज स्टाक की जांच की गई। सुबह से शाम तक लगातार अभियान चलता रहा। प्रशासन व खनन विभाग की टीम के अधिकारी भी देर रात तक क्षेत्र में डटे रहे।




