🔳 जिला पंचायत व पुलिस प्रशासन ने चलाया संयुक्त अभियान
🔳 दुकानों में गंदगी व प्रतिबंधित पाॅलीथीन मिलने पर हुई कार्रवाई
🔳 18 दुकानदारों पर लगाया गया 5600 रुपये जुर्माना
🔳 एकाएक चले अभियान से मचा रहा हड़कंप
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची बाजार क्षेत्र में जिला पंचायत व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। प्रतिबंधित प्लास्टिक व गंदगी पर 18 व्यापारियों के ताबड़तोड़ चालान कर 5600 रुपये जुर्माना वसूला गया। नियमों के उल्लघंन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। एकाएक चले अभियान से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
सोमवार को जिला पंचायत व पुलिस प्रशासन की टीम ने कैंची बाजार क्षेत्र में विशेष चैकिंग अभियान चलाया। संयुक्त टीम के सख्त रुख अपनाए जाने से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम के सदस्यों ने बाजार क्षेत्र में स्थित दुकानों का एक एक कर निरीक्षण किया। नियमानुसार साफ सफाई न मिलने व प्रतिबंधित पाॅलीथीन में सामान की बिक्री किए जाने पर पाॅलीथीन जब्त कर जुर्माना लगाया गया। संयुक्त टीम ने अनियमितता मिलने पर 18 दुकानदारों का चालान कर 5600 रुपये जुर्माना वसूला। राजस्व निरीक्षक रवि पांडे के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाएं गए विशेष अभियान में व्यापारियों से साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के साथ ही नियमों के पालन के निर्देश दिए गए हैं। चेताया है की अभियान आगे भी जारी रहेगा यदि नियमों का उल्लघंन किया गया तो फिर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जिला पंचायत के अधिकारियों ने सुप्रसिद्ध कैंची धाम स्थित बाजार क्षेत्र में दुकानों की विशेष साफ सफाई रखने को कहा ताकि देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर संदेश दिया जा सके। इस दौरान जिला पंचायत के कर अधिकारी विजय बिष्ट, राजस्व निरीक्षक दीपक उपाध्याय, कनिष्ठ अभियंता कमलेश सिंह बिष्ट, पंकज जोशी, विनोद कुमार, कमल किशोर आदि मौजूद रहे।




