🔳उच्च हिमालयी क्षेत्र से तीन सौ किमी की दूरी तय की पैदल
🔳सर्दियों में कोसी घाटी के जंगलों में रहेगा प्रवास
🔳मवेशियों की निगरानी में मुस्तैद है चार पालतु श्वान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
उच्च हिमालयी क्षेत्र में ठंड बढ़ने के साथ ही हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जोशीमठ क्षेत्र के दूरस्थ गांवों से पशुपालक कोसी घाटी पहुंच गए हैं। दल के मुखिया जनक ने लगभग पांच सौ से भी अधिक भेड़ बकरियों के साथ कोसी घाटी के जंगलों में डेरा डाल दिया है। मवेशियों को जंगली जानवरों से बचाने को चार पालतु श्वान मुस्तैद है। किसी भी अनजान को वो भेड़ बकरियों के करीब तक पहुंचने नहीं दे रहे। जनक के अनुसार फरवरी अंतिम सप्ताह में गांव को वापसी होगी।
कोसी घाटी स्थित चडूयूला क्षेत्र से सटा जंगल उच्च हिमालयी क्षेत्र से पहुंचे मवेशियों से गुलजार हो गया है। हिमालयी क्षेत्र में ठंड बढ़ने तथा तापमान में गिरावट होने से प्रतिवर्ष पशुपालक कोसी घाटी पहुंचते हैं। इस वर्ष भी जोशीमठ के दूरस्थ गांव से पशुपालक जनक व लखपत सिंह करीब पांच सौ से ज्यादा भेड़ बकरियों के साथ यहां पहुंचे हैं। लखपत सिंह के अनुसार दो महिने का पैदल सफर तय करने के बाद यहां पहुंचा जा सका है। अब कुछ दिन अलग अलग क्षेत्रों में दिन बिताने के बाद फरवरी अंतिम सप्ताह में गांव वापसी होगी। खान पान की सामग्री लेकर दो घोड़े भी दल के साथ चल रहे हैं। जनक के अनुसार भेड़ बकरियों को जंगली जानवरों से बचाने का जिम्मा चार श्वानों पर है। जो दिन रात मुस्तैद रहते हैं। आसपास के गांवों के लोग भी उच्च हिमालयी क्षेत्र के मवेशियों को देखने पहुंच रहे हैं।




