🔳 जल जीवन मिशन योजना से गतिमान था कार्य
🔳 केंद्र से बजट आवंटन न होने से अधर में लटके कार्य
🔳 गांवों के लोग कर रहे पेयजल आपूर्ति का इंतजार
🔳 कार्यदाई संस्थाओं ने खींचे हाथ, विभाग मान मनौव्वल को मजबूर
🔳 पेयजल योजनाओं का कार्य प्रभावित होने से ग्रामीणों में रोष
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक में लगभग चौदह महत्वपूर्ण पेयजल योजनाओं का कार्य प्रभावित हो गया है। जल जीवन मिशन योजना से गतिमान कार्यों की प्रगति थमने से गांवों के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। केंद्र सरकार से बीते मार्च से बजट आवंटन न होने से कार्य प्रभावित होने का बड़ा कारण माना जा रहा है हालांकि संबंधित विभाग कार्यदाई संस्थाओं से मान मनौव्वल कर कार्य पूरा करवाने की जोर आजमाइश में लगा हुआ है बावजूद कई योजनाओं का कार्य ठप पड़ चुका है।
केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी जल जीवन मिशन योजना बजट के लिए ही तरस गई है। केंद्र सरकार से ही योजना मद में बजट उपलब्ध न होने से तमाम महत्वपूर्ण योजनाएं अधर में लटक गई है। योजनाओं से पेयजल आपूर्ति शुरु होने के इंतजार में अब गांव के लोगों का सब्र भी जवाब देने लगा है। बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक की कांडा, तल्ला गांव, बजेडी, कूल, थुआ, हरीनगर हरतोला, अमेल, पाली समेत एक दर्जन से अधिक पेयजल योजनाओं के निर्माण की गति थम सी गई है। बजट के इंतजार में योजनाओं के निर्माण को गति नहीं मिल पा रही। कई जगह पेयजल टैंकों का निर्माण नहीं हो सका है तो कई योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में पहुंचकर रुक गया है। समय पर योजनाओं का कार्य पूरा होने की उम्मीद लगाए बैठे गांवों के लोग कार्य ठप होने से मायूस हो चुके हैं। विभागीय अधिकारी बीते मार्च से केंद्र सरकार से योजनाओं के लिए बजट उपलब्ध न होने का हवाला दे योजनाओं के निर्माण का कार्य जल्द पूरा किए जाने का दावा कर रहे हैं पर धरातल पर कार्य प्रभावित होने से दूर दूर तक राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही। क्षेत्रिय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, गजेंद्र साथ नेगी, मनीष तिवारी, संजय सिंह बिष्ट, मनोज सिंह आदि ने योजनाओं का कार्य प्रभावित होने पर गहरा रोष जताया है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट के अनुसार बजट का इंतजार किया जा रहा है। कार्यदाई संस्थाओं से कार्य पूरे करवाने को प्रयासरत हैं। उम्मीद है जल्द ही योजनाओं का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!