= जिलाधिकारी ने ली विभागीय अधिकारियों की बैठक
= गांवों में पति पत्नी वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए कवायद तेज
(((हल्द्वानी से संजय चौधरी/उदित चौधरी की रिपोर्ट)))
जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने वृद्धावस्था में पति-पत्नी को पेंशन देने की योजना को सफल बनाने के लिए समाज कल्याण विभाग को दिशा निर्देश जारी कर दिए है। जागरूकता अभियान चलाने तथा पंचायती विभाग को गांवों में खुली बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। कहा कि समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली वृद्धावस्था पेंशन में अब पति-पत्नी दोनों को पेंशन मिलेगी। शहरों में पेंशन की स्वीकृति एसडीएम और गांवों में ग्राम पंचायत देगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद में जून माह तक प्रत्येक वृद्ध दंपति को इस योजना का लाभ मिले। इसलिए समाज कल्याण विभाग को हर तिमाही विशेष अभियान चलाने को कहा है। डीएम ने बताया कि नये वित्तीय वर्ष में वृद्धावस्था पेंशन में पात्र को 1400 रुपये यानी तिमाही 4200 रुपये मिलेंगे। समाज कल्याण विभाग हर तीन माह में पेंशन की रकम को पेंशनधारक के बैंक खाते में हस्तांतरित करेंगे। योजना को सफल बनाने के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी अप्रैल से जून के बीच जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें आयोजित करेंगे। इनमें पात्रों का चयन करते हुए औपचारिकताएं पूरी करायी जायेंगी।
