◾गांव की महत्वपूर्ण सड़क के नजदीक लंबी चौड़ी दीवारों का निर्माण जारी
◾ अतिक्रमण से सड़क के अस्तित्व पर मंडराया संकट
◾सड़क की चौड़ाई कम होने से दुर्घटना का खतरा भी हुआ दोगुना
◾ राजस्व उपनिरीक्षक ने किया जल्द निरीक्षण का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रुपसिंह धूरा – नथुआखान मोटर मार्ग मार्ग पर स्थित रामगढ़ ब्लॉक के हरतोला क्षेत्र में मुख्य सड़क के नजदीक बड़ी बड़ी दीवारें खड़ी कर अतिक्रमण बदस्तूर जारी है। अतिक्रमण से महत्वपूर्ण सड़क के अस्तित्व पर भी संकट गहरा गया है। उच्च न्यायालय के अतिक्रमण हटाए जाने के आदेश के बावजूद धड़ल्ले से हो रहे निर्माण से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजस्व उपनिरीक्षक शिव सिंह चौहान के अनुसार पूर्व में लोनिवि के साथ संयुक्त सर्वे किया गया है। जल्द दोबारा निरीक्षण का दावा किया है।
उच्च न्यायालय के सड़कों से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद जहां गरमपानी, खैरना, बेतालघाट समेत तमाम क्षेत्रों में व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने न्यायालय के आदेश का सम्मान कर खुद ही अतिक्रमण हटाने शुरु कर दिया है। वहीं अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले रुप सिंह धूरा – नथुआखान मोटर मार्ग पर स्थित रामगढ़ ब्लॉक के हरतोला क्षेत्र में स्थित उलट है। उच्च न्यायालय के आदेश को खुलेआम चुनौती दे मोटर मार्ग से सटकर बड़ी बड़ी दीवारें खड़ी कर दी गई है। यहीं नहीं न्यायालय के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाना तो दूर खुलेआम निर्माण कर आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। तमाम गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग से सटकर खड़ी की जा रही बड़ी बड़ी दीवारों से मोटर मार्ग पर आवाजाही भी खतरनाक हो चुकी है। दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। मोटर मार्ग के नजदीक से बड़ी बड़ी दीवारें खड़ी कर दिए जाने व चौड़ाई कम हो जाने से सड़क के अस्तित्व पर ही संकट गहरा गया है। मोटर मार्ग के नजदीक से हो रहे निर्माण कार्यों से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक शिव सिंह चौहान के अनुसार पूर्व में लोनिवि के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ संयुक्त सर्वे किया जा चुका है। दावा किया की जल्द ही दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।
