🔳 आमबाड़ी बेतालघाट मोटर मार्ग पर रौलिया गांव की घटना
🔳 दुकान बंद करने के बाद घर को लौट रहा था व्यापारी
🔳 एकाएक हुई घटना से दहशत में आए ग्रामीण
🔳 गुलदार की घुसपैठ रोकने को पिंजरा लगाने की उठाई मांग
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

बेतालघाट क्षेत्र में एकाएक गुलदार की घुसपैठ से ग्रामीण दहशत में आ गए है‌। दुकान बंद कर घर के नजदीक पहुंचे व्यापारी पर गुलदार के हमलावर होने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की व्यापारी बाल बाल बच गए तथा बड़ी अनहोनी टल गई हालांकि गुलदार ने व्यापारी के पैर में नाखून गढ़ा दिए। स्थानीय लोगों ने गुलदार की दहशत से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
गांवों में गुलदार की आवाजाही रुकने का नाम नहीं ले रही। आबादी के नजदीक तक पहुंच गुलदार मवेशियों को ढेर कर दे रहे हैं। मवेशियों के फिराक में अब इंसानों पर भी हमलावर हो जा रहे हैं। बेतालघाट के व्यापारी ईश्वर खंडूरी बीते रोज दुकान बंद कर कार से गांव की ओर रवाना हुए। आमबाड़ी – बेतालघाट मोटर मार्ग पर रौलिया गांव के समीप ईश्वर ने रोज की तरह कार पार्क की। ईश्वर कार से उतरे ही थे एकाएक घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला बोल दिया। व्यापारी ने जैसे तैसे खुद को बचाया। हो हल्ला होने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। एकाएक हुई घटना से ग्रामीण सख्ते में आ गए। व्यापारी ईश्वर खंडूरी के पांव में गुलदार के दो नाखून लगने से उनका प्राथमिक उपचार किया गया। देवभूमि व्यापार मंडल बेतालघाट के पूर्व अध्यक्ष बालम सिंह बोहरा, शेखर दानी, तारा भंडारी, महेंद्र सिंह रावत, अतुल भंडारी आदि ने गुलदार की दहशत से निजात दिलाने को पिंजरा लगाए जाने की मांग वन विभाग से की है। अंदेशा जताया की अनदेखी की गई तो कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है।