◾ गुलदार के फंसने के बाद ली ग्रामीणों ने राहत की सांस
◾ पूर्व में एक युवक के मारे जाने के बाद से गांव में थी दहशत
◾ रेस्क्यू सेंटर अल्मोड़ा भेजा गया गुलदार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
नौगांव के फयाटनौला तोक के युवक को निवाला बनाने वाला गुलदार आखिरकार पिंजरे में कैद हो ही गया। गुलदार को फंसाने के लिए वन विभाग ने दो पिंजरे लगाने के साथ कैमरा ट्रैप भी सेट किए थे। वन विभाग ने गुलदार को अल्मोड़ा स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है, जहां गुलदार की जांच के बाद उसके आदमखोर होने का पता चल सकेगा। गुलदार के कैद होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
फयाटनौला में गुलदार ने 40 वर्षीय जगदीश चंद्र को मौत के घाट उतार दिया था। बीते दो मई की सुबह युवक का क्षत-विक्षत शव गांव से दूर सूखे नौले के पास झाड़ियों से बरामद हुआ। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने घटना स्थल के पास पिंजरा लगाया। वन विभाग की टीम ने गांव में डेरा डालकर पेट्रोलिंग शुरू की। बाद में ड्रोन और कैमरा ट्रैप की मदद से भी गुलदार की मूवमेंट ट्रेक करने का प्रयास किया गया। सफलता नहीं मिलने पर वन विभाग ने दूसरी लोकेशन पर भी एक और पिंजरा सेट किया। साथ ही विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही थी। आखिरकार मंगलवार को गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने बताया कि पिंजरे में गुलदार को फंसा देखने के बाद ग्रामीणों ने विभाग को सूचना दी। गुलदार को अल्मोड़ा रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है। इस दौरान संजय रावत, भुवन लाल टम्टा, बलवंत सिंह भंडारी, नवीन चंद्र तिवारी, भारत सिंह डांगी, पूरन सिंह राणा, गौरव तिवारी, हरीश कुमार, ललित मोहन, भुवन पंत, हर्षवर्धन आदि मौजूद रहे।
