🔳 जिला प्रशासन ने रात के समय आवाजाही की है प्रतिबंधित
🔳 सुविधा शुल्क वसूल धड़ल्ले से छोड़े जा रहे वाहन
🔳 शुल्क न दे पाने वाले चालक वाहनों में बीता रहे रात
🔳 कोतवाल बोले – मामला गंभीर करवाई जाएगी जांच
[[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में रात के समय बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होने के बावजूद पांच सौ रुपये की आड़ में आवाजाही कराने की चर्चाओं से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला प्रशासन अल्मोड़ा के आदेश पर रात के समय आवाजाही प्रतिबंधित किए जाने के बाद भी सुविधा शुल्क वसूल धड़ल्ले से कराई जा रही आवाजाही से शुल्क न दे पाने वाले चालकों में गहरा रोष व्याप्त है। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार क्वारब में दो जनपदों की पुलिस तैनात हैं। मामले की जांच कराई जाएगी।
कुमाऊं की लाइफ लाइन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में लंबे समय से आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। लगातार पहाड़ी के दरकने व हाईवे पर धंसाव बढ़ने से दिन में बामुश्किल आवाजाही की जा रही है। अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने बिगड़ते हालातों के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रख रात के समय क्वारब क्षेत्र में यातायात बंद रखा है। आपातकालीन वाहनों को भी रात के समय बेहद निगरानी में आवाजाही कराए जाने के निर्देश है। जिला प्रशासन के नियमों की रखवाली करने वाले ही धज्जियां उड़ानें पर आमादा हो चुके हैं। चर्चा है की रात के समय प्रति वाहन पांच सौ रुपये देकर आसानी से बड़े वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है। सुविधा शुल्क देने में असमर्थ वाहन चालकों को आगे बढ़ने नहीं दिया जा रहा। नाम न छापने की शर्त में एक वाहन चालक ने बताया की पांच सौ रुपये में बेरोकटोक आवाजाही करवाई जा रही है। पैसे न दे पाने वालों से अभद्रता की जा रही है। प्रतिबंध होने के बाद भी सुविधा शुल्क लेकर आवाजाही कराए जाने पर चर्चाओं का बाजार भी गरमा गया है। लोगों ने मामले में कार्रवाई पर जोर दिया है। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार क्वारब में अल्मोड़ा व क्वारब की पुलिस की तैनाती है। मामले की जांच करवाई जाएगी। अल्मोड़ा पुलिस के अधिकारियों से भी संपर्क साधा जाएगा।




