◾भजन कीर्तनो से माहौल हुआ भक्तिमय
◾ दूर दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से सटे अमेल गांव में विधि विधान से विशेष मंत्रोच्चार के बीच राधा कृष्ण की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भंडारा लगा। आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भजन-कीर्तनो का दौर जारी रहा।
गुरुवार को अमेल ग्राम पंचायत के बसौरी धाम में धार्मिक अनुष्ठान से माहौल भक्तिमय हो उठा। धर्माचार्य रमेश तिवारी, भुवन तिवारी, पंकज तिवारी ने विशेष मंत्रोच्चार के साथ यजमान बचे सिंह मेहरा से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। विधि विधान से मंदिर में राधा कृष्ण की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद विशाल भंडारा लगा। क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना हुई। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से समूचा माहौल गुंजायमान हो उठा। देर शाम तक भजन कीर्तनो का दौर जारी रहा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मंजू आर्या, ग्राम प्रधान पूजा फुलारा, धर्मेंद्र मजखोली, गिरधर सिंह मजखोली, शेखर फुलारा, जिंप सदस्य प्रतिनिधि नंदू आर्या, नंदन सिंह हाल्सी, लछम सिंह आदि व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
