🔳हाइवे पर किया गया डामरीकरण जगह जगह तोड़ने लगा दम
🔳पहले चरण में हुआ कार्य तीन महीने में ही देने लगा जवाब
🔳व्यापारियों व पंचायत प्रतिनिधियों ने लगाया गुणवत्ताविहीन कार्य का आरोप
🔳एनएच अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर करोड़ों रुपये के सरकारी बजट से पहले चरण में किया गया डामरीकरण तीन महीने में ही जवाब दे गया है। यह हालत तब है जब भवाली से कैंची क्षेत्र के नजदीक तक हुए डामरीकरण का संबंधित विभाग कार्यदाई कंपनी को करीब डेढ़ करोड़ रुपये भुगतान भी कर चुकी है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने गुणवत्ताविहीन डामरीकरण का आरोप लगा मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। संबंधित विभाग के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार जिस स्थानों पर गड्डे हुए हैं वहां दोबारा डामरीकरण करवाया जाएगा।
कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन पर गुणवत्ताविहीन कार्य बजट की बाजीगरी की हकीकत बयां कर रहे हैं। सड़क व भूतल मंत्रालय ने ज्योलिकोट से काकड़ीघाट तक हाइवे को दुरुस्त करने को लगभग 39 करोड़ रुपये का बजट अवमुक्त किया है। बजट से सुरक्षात्मक कार्यो के साथ ही डामरीकरण भी किया जाना है। बजट मिलने के बाद भी एनएच पर कार्यो को गति नहीं मिल पा रही है कई जगह कार्य शुरु ही नहीं हो सके हैं तो कुछ जगह कार्य आधे अधूरे छोड़ दिए गए हैं जिससे यात्रियों को जान जोखिम में डाल आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं तीन माह पूर्व पहले चरण में भवाली से कैंची के बीच किया गया डामरीकरण व पेंचवर्क का कार्य दम तोड़ चुका है। जगह जगह गड्डे होने से आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो कार्यदाई संस्था को भवाली से कैंची तक किए गए डामरीकरण की एवज में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। जगह जगह डामरीकरण व पेंचवर्क उखड़ने से कार्य की गुणवत्ता की पोल भी खुल गई है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों तथा टैक्सी यूनियन ने एनएच की हालत पर गहरी नाराजगी जताई है। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह गौणी, व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, कुलदीप सिंह आदि ने एनएच प्रशासन पर जनहित से खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगाया है। कहा की समुचित बजट के बावजूद गुणवत्ता विहीन कार्य कर बजट की बर्बादी की जा रही है। मामले पर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार जिस जगह डामरीकरण उखड़ा है वहां दोबारा कार्य करवाया जाएगा। सुरक्षात्मक कार्यो में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।




