🔳चौकी पुलिस खैरना को पत्र सौंप लगाई न्याय की गुहार
🔳बैंक पास बुक में इंट्री करवाने पर पैसे निकाले जाने की मिली जानकारी
🔳शाखा प्रबंधक बोले – महिला खुद निकालकर ले गई पैसे, साक्ष्य मौजूद
🔳जरुरत पड़ने पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से भी जांच का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के कोरड़ गांव निवासी बुजुर्ग महिला ने खैरना चौकी में शिकायती पत्र देकर उसके बैंक खाते से करीब 29 हजार रुपये निकाले जाने का आरोप लगा जांच की मांग उठाई है। बताया की उसने पैसे नहीं निकाले बावजूद खाते से पैसे निकाले गए हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक संतोष रघुवंशी के अनुसार जांच कराई जा चुकी है। महिला ने खुद पैसे निकाले हैं। बाउचर समेत सभी साक्ष्य भी उपलब्ध है।
कोरड़ गांव की लीला देवी ने चौकी खैरना में शिकायती पत्र सौंप बताया है की उसका खाता खैरना बाजार में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में है। बीते दिनों उसका बेटा रणजीत जब दिल्ली से छुट्टी पर घर आया और बैंक पास बुक में इंट्री करवाई तो खाते से अलग अलग तारीख में पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली। खाते से दो बार पच्चीस व तीन हजार रुपये निकाले गए थे जबकि तीसरी बार में पंद्रह सौ रुपये निकाले जाने का पता चला । आरोप लगाया की बैंक कर्मचारियों से जानकारी लेनी चाही तो उल्टा वो उन्हें ही कोसने लगे। बार बार धनराशि न निकाले की बात कहने के बावजूद कर्मचारी बात सुनने को तैयार नहीं हुए। बुजुर्ग ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। दोहराया है की इतनी धनराशि की कभी जरुरत ही नहीं पड़ी। बेटे के घर आने के बाद ही पासबुक में भी इंट्री करवाई है तब ही पैसे निकाले जाने का पता चला है। इधर बैंक के प्रबंधक संतोष रघुवंशी ने आरोप नकार दिए हैं। शाखा प्रबंधक के अनुसार महिला खुद ही बैंक से पैसे निकाल कर ले गई है। सीसीटीवी फुटेज में महिला के बैंक की ओर रुख करने समेत सभी साक्ष्य भी उपलब्ध है। अगर फिर भी कहीं संशय है तो फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से जांच करवाई जाएगी।




