🔳 बुआई न हो पाने से बंजर पड़े हैं खेत
🔳 लगातार खेती चौपट होने से किसान मायूस
🔳 बंदरों का झुंड खेतों में उपज को कर दे रहा बर्बाद
🔳 लगातार नुकसान से खेतीबाड़ी से होता जा रहा मोहभंग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में जंगली जानवरों व बंदरों के उत्पात से सब्जी की पैदावार चौपट होने के बाद अब गेहूं की बुआई पर भी संकट गहरा गया है। गांवो के किसान बंदरों के उत्पात से अब तक गेहूं की बुआई ही नहीं कर सके हैं। मल्लाकोट गांव के किसान खेतीबाड़ी को लगातार हो रहे नुकसान से मायूस हैं। ग्रामीणों ने खेती बचाने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।
गांवों में बंदरों की बढ़ती तादाद बढ़ी समस्या बन चुकी है। सब्जी व अनाज उत्पादन के क्षेत्र में विशेष पहचान रखने वाली कोसी घाटी में लगाता खेती पर संकट बढ़ता ही जा रहा है। कभी यहां की सब्जियों की धमक दिल्ली, लखनऊ, कानपुर जैसे शहरों तक थी पर वर्तमान में किसानों के खाने तक के लिए पैदावार नहीं बच रही। गेहूं बुआई का समय होने के बावजूद अब तक बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में बुआई शुरु नहीं हो सकी है। मल्लाकोट गांव के किसान कृपाल सिंह मेहरा के अनुसार बंदरों की संख्या व आंतक इतना बढ़ चुका है की खेती से ही मोहभंग होने लगा है। खेतों में बीज डालते ही बंदरों का झुंड बीज चट कर जा रहे हैं। रात को जंगली सूअरों का झुंड खेतों को रौंद जा रहे हैं। बाजार से खरीदे गए बीज की कीमत तक वसूल नहीं हो पा रही। तल्लाकोट, धनियाकोट, सिमलखा, बजेडी, मलयाल गांव, सोनगांव समेत तमाम गांवों में भी यही हालत बने हुए हैं। बची सिंह जलाल, मदन सिंह, मोहन सिंह पनौरा, राम सिंह, गोधन सिंह, पुष्कर सिंह आदि किसानों ने गांवों में खेती बचाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। साफ कहा की यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो एक दिन गांवों में खेती इतिहास बन जाएगी।




