🔳 मध्य रात्रि हुई घटना से पूरे गांव में मचा हड़कंप
🔳 मारपीट में घायल परिवार के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर कराया उपचार
🔳 बेतालघाट पुलिस को तहरीर सौंप उठाई कार्रवाई की मांग
🔳 वाहन में तोड़फोड़ के बाद हवाई फायरिंग का भी लगाया आरोप
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के रिखोली गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ मध्य रात्री घर में घुसकर मारपीट व घर के बाहर खड़े वाहन में तोड़फोड़ की घटना से हड़कंप मच गया है। मारपीट में घायल परिवार के सदस्यों ने बेतालघाट अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। दहशत में आए परिवार ने थाना पुलिस बेतालघाट को तहरीर सौंप मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। रात के समय हुई घटना से गांव में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
ब्लॉक मुख्यालय से सटे रिखोली गांव निवासी ग्रामीण ने बेतालघाट थाने में तहरीर सौंप बताया है की बीती रात वह अपनी मां, भाई व बहन के साथ घर पर खाना खाने के बाद सो गया तभी मध्य रात्रि तकरीबन साढ़े बारह बजे के आसपास चार लोग उनके घर आ धमके। धारदार हथियारों से लैस लोगों ने घर के बाहर तमंचों से फायर किए। बाहर खड़े वाहन पर भी तोड़फोड़ कर डाली। परिवार के सदस्यों को भी बेरहमी से पीट डाला। रोकने के बावजूद अराजक तत्व मारपीट करते रहे जिससे परिवार के सदस्यों को गहरी चोटे आई है। अराजकता पर उतारु लोग परिवार के सदस्यों को जिंदा जला देने की धमकी देकर चले गए। तहरीर के माध्यम से बताया की उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर बहस हुई थी। पत्नी ने ही फोन कर अपने भाई व अन्य लोगों को बुलवाया व मारपीट व तोड़फोड़ करवाई। ग्रामीण ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ व फायर करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। बताया कि घटना के बाद से ही पूरा परिवार दहशत में हैं। बेतालघाट थाने के एसआई विजय कुमार के अनुसार मामले की जांच शुरु कर दी गई है। अराजकता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।