🔳 हाईवे पर रातीघाट हादसे के बाद हरकत में आया एनएच विभाग
🔳 भवाली से क्वारब तक तलाशे जाएंगे खतरनाक जोन
🔳 जगह जगह खतरा बढ़ने से खतरनाक हुई आवाजाही
🔳 कई स्थानों पर पूर्व में दुर्घटना के बावजूद नहीं ली सुध
🔳 चेतावनी बोर्ड भी स्थापित किए जाने की उठी मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा कार्य करवाए जाने को अब एनएच प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। भवाली से क्वारब के बीच दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर ऐसे स्थानों पर क्रश बैरियर लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। वर्तमान में हाईवे पर गतिमान कार्यों के बजट से भी सुरक्षा कार्य करवाए जाएंगे। एनएच के अधिशासी अभियंता आशुतोष के अनुसार खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षा संबंधी कार्यों का जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर लिया जाएगा।
रातीघाट क्षेत्र में हुए हादसे से कुमाऊं के महत्वपूर्ण हाईवे पर सुरक्षित यातायात के दावों की पोल खुल गई। लाखों करोड़ों रुपये का बजट बहाए जाने के बावजूद हाईवे पर कदम कदम पर खतरा मुंह उठाए खड़ा है। हालत इतने बद से बद्तर हो चुके हैं की जिन स्थानों पर पूर्व में हादसे हो चुके हैं वहां भी सुरक्षा कार्य करवाए जाने की जहमत नहीं उठाई जा सकी है जिस कारण उक्त स्थानों पर भी दुर्घटना का जोखिम बना हुआ है। रात के समय खतरा दोगुना बढ़ जा रहा है।रातीघाट क्षेत्र में अल्मोड़ा के शिक्षकों की कार शिप्रा नदी की ओर पलटने तथा हादसे में तीन शिक्षकों की मौत होने तथा एक शिक्षक के गंभीर रुप से घायल होने के बाद अब एनएच प्रशासन ने भवाली से क्वारब के बीच दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित करने का फैसला लिया है। खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा उपाय किए जाने को प्रस्ताव तैयार किए जाने को संबंधित विभाग हरकत में आ गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही खतरे वाले स्थानों का निरीक्षण कर ऐसे स्थानों को चिह्नित कर लिया जाएगा जहां पर दुर्घटना का जोखिम अधिक है। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित किए जाने के बाद सुरक्षा संबंधी कार्य करवाए जाएंगे।
चेतावनी बोर्ड भी लगाए एनएच प्रशासन
हाईवे पर लगातार बढ़ रहे दुर्घटनाओं के ग्राफ से आवाजाही करने वाले दहशत में हैं। आए दिन दुर्घटनाएं सामने आने से क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति पदाधिकारियों व सदस्यों ने हाईवे पर गति नियंत्रण के साथ ही नदी क्षेत्र की ओर खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाने की मांग उठाई है। संगठन उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गजेंद्र सिंह नेगी, मनीष तिवारी आदि के अनुसार हाईवे पर तमाम ऐसे स्थान हैं जहां से नदी की ओर वाहनों के पलटने का खतरा कई गुना अधिक है। वहीं पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का खतरा बना रहता है। खतरे से अनजान लोग ऐसे स्थानों पर रुक कर सेल्फी आदि में जुट जाते हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यदि ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगे होंगे तो पर्यटक व यात्री ऐसे स्थानों पर नहीं रुकेंगे।




