🔳 शिक्षा व छात्र हित में बेहतर संसाधनों व सटीक योजनाओं की आवश्यकता पर दिया गया जोर
🔳 शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा
🔳 दीपक को अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक एसोसिएशन बेतालघाट की कमान
🔳 नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन, शिक्षक व विद्यार्थियों के हित में कार्य करने का लिया संकल्प
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
हल्द्वानी हाईवे पर गरमपानी स्थित महिला सभागार में अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक एसोसिएशन बेतालघाट की शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त कर छात्र संख्या बढ़ोतरी पर जोर दिया गया। संगठन की ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन कर दीपक कुमार को अध्यक्ष व नीलम को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शनिवार को महिला सभागार में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र टम्टा ने मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाध्यक्ष ने संगठन पदाधिकारियों व सदस्यों से छात्र व शिक्षकों हितों के लिए एकजुटता से कार्य करने का आह्वान किया। सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त कर छात्र संख्या बढ़ाने को प्रत्येक स्तर पर कार्ययोजनाओं को धरातल पर उतारने की अपील की। वक्ताओं ने शिक्षा व छात्र हित में बेहतर संसाधनों व सटीक विभागीय योजनाओं की आवश्यकता पर बल दिया है। शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से पूर्णतया अलग रखने की बात कहीं। शिक्षकों ने पूर्ण मनोयोग से शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।बेतालघाट ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन कर सर्वसम्मति से दीपक कुमार को अध्यक्ष, चंदन राम मंत्री, चंद्रशेखर उपाध्यक्ष व नीलम आर्या को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।अधिवेशन का संचालन जिला महामंत्री दीप दर्शन ने किया। इस दौरान विजय कुमार, हरीश चंद्र, दुर्गा प्रसाद, इंद्र कुमार, डा. प्रेम मार्तोलिया, गीतम कोहली, प्रकाश चंद्र, चंद्रशेखर, खीमानंद, गिरीश टम्टा, रविकांत, दीपिका सिंह समेत तमाम शिक्षक मौजूद रहे।




