= तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में हुई दुर्घटना
= गांव के लोगों ने घायल चालक को पहुंचाया अस्पताल
= क्षेत्रवासियों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन दौड़ रहे चालकों पर शिकंजा कसने की उठाई मांग

(((ब्यूरो चीफ विरेन्द्र बिष्ट/फिरोज अहमद/सुनील मेहरा/भीम बिष्ट की रिपोर्ट))))

बेतालघाट से निर्माण सामग्री लेकर रानीखेत रवाना हुआ डंपर विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर कुंजगढ़ नदी क्षेत्र में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक घायल हो गया। सीएचसी गरमपानी में घायल का उपचार किया गया।
बेतालघाट ब्लॉक के ऊंचाकोट गांव निवासी निवासी रवि जलाल बेतालघाट से डंपर यूके 04 सीबी 9169 में निर्माण सामग्री लेकर देर शाम रानीखेत को रवाना हुआ। वाहन चालक रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर मल्ला पातली क्षेत्र के समीप पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में रवि अपने वाहन पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन वाहन स्टेट हाईवे से पलटता हुआ करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे कोसी नदी की ओर जा गिरा। वाहन के गिरने की आवाज सुन कुंजगढ़ नदी पार के गांव सुखोली गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वाहन के अंदर फंसे वाहन स्वामी रवि को बमुश्किल वाहन से बाहर निकाला गया। खड़ी पहाड़ी पार कर घायल को स्टेट हाईवे पर पहुंचा निजी वाहन से सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने घायल वाहन चालक का उपचार किया। क्षेत्रवासियों ने स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन दौड़ रहे वाहन चालकों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।