🔳सीएचसी में गरजी आशा कार्यकर्ता, व्यापारी व पंचायत प्रतिनिधि
🔳स्वास्थ्य विभाग पर लगाया ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों की अनदेखी का आरोप
🔳सीएमओ को ज्ञापन भेज अल्ट्रासाउंड सेवा शुरु करने व विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग
🔳उपेक्षा पर आंदोलन की रणनीति तैयार करने का एलान

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

कोसी घाटी के अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड व विशेषज्ञ चिकित्सकों का लाभ न मिलने पर आखिरकार आशा हेल्थ वर्कर यूनियन व व्यापारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों का पारा चढ़ गया। सीएचसी गरमपानी में संयुक्त बैठक में सुविधाएं उपलब्ध न कराए जाने पर नाराजगी जताई गई। मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन भेज गरमपानी व बेतालघाट में अल्ट्रासाउंड सेवा सुचारु करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग उठाई गई। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी दी।

शनिवार को सीएचसी गरमपानी परिसर में आशा हेल्थ वर्कर यूनियन, व्यापारियों व पंचायत प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। संगठन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने कहा की गरमपानी में तीन सप्ताह से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप है। बेतालघाट के अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध नहीं है। दोनों अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव है ऐसे में गर्भवती महिलाएं दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो चुकी है‌। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रसव पीड़ा में भी मीलों का सफर तय करना मजबूरी बन चुका है। लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है‌ व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र नेगी ने लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य सुविधाओं पर रोष जताया। गजेन्द्र ने स्वास्थ्य विभाग पर ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया। दो टूक चेतावनी दी की यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो फिर क्षेत्रवासियों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। तय हुआ की अनदेखी पर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्षरत रहने का आह्वान किया। नारेबाजी कर रोष भी जताया गया। बाद में प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. योगेश कुमार के माध्यम से मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल डा. भागीरथी जोशी को ज्ञापन भी भेजा गया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रेम नाथ गोस्वामी, व्यापार मंडल महामंत्री गोविन्द सिंह नेगी, आशा वर्कर यूनियन की गरमपानी अध्यक्ष नीमा भट्ट, बेतालघाट अध्यक्ष विमला उप्रेती, तुलसी पांडे, पुष्पा जोशी, मंजू देवी, हेमा सुयाल, रोशनी, माधवी देवी, नंदी देवी, हंसी गोस्वामी, बसंती रौतेला, नीमा मेहरा, भगवती बोहरा, इंदू बिष्ट, उमा देवी आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!