🔳19 आयु वर्ग में गुजरात की राज्य स्तरीय टीम में बनाई जगह
🔳पहले ही मैच में घातक गेंदबाजी से चटकाए तीन विकेट
🔳मेधावी के शानदार प्रदर्शन पर गांव में खुशी का माहौल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित छड़ा गांव निवासी किक्रेट खिलाड़ी ने गुजरात की राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाकर पहले ही मैच में अपना जलवा दिखाया है। अंडर 19 आयु वर्ग में बतौर आलराउंडर के तौर पर लक्की बिष्ट ने विपक्षी टीम के तीन महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को आउट कर अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया। लक्की के दमदार प्रदर्शन पर गांव में खुशी का माहौल है।
हाइवे पर स्थित छड़ा बाजार के व्यापारी नंदन सिंह के बड़े बेटे लक्की के प्रदर्शन पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है। गुजरात में एक निजी कंपनी में कार्यरत लक्की बिष्ट ने बीते दिनों स्टेट टीम के लिए ट्रायल दिया। जहां पांच विकेट लेने के बाद 55 रन की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत लक्की का चयन 19 आयु वर्ग में गुजरात की राज्य स्तरीय टीम के लिए हो गया। चालीस खिलाड़ियों में जगह बनाकर लक्की ने क्षेत्र को गौरवान्वित किया। बीते 14 दिसंबर को गुजरात की टीम से लक्की ने नोएडा के सीके ओवल मैदान पर भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाई। विपक्षी टीम के तीन खिलाड़ियों को अपनी गेंदबाजी से पवेलियन का रास्ता दिखाया। 19 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करने पर गांव के बाशिंदों ने खुशी जताई है। स्थानीय लोगों ने कहा की बतौर आलराउंडर लक्की भारतीय टीम में भी जल्द अपनी जगह पक्की करेगा।




