🔳 पिछले तीन दिनों से बूंद बूंद पानी को तरस रहे सत्तर परिवार
🔳 पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का चढ़ा पारा
🔳 जल संस्थान पर लगाया गांव की उपेक्षा किए जाने का आरोप
🔳 जल्द आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
समीपवर्ती टूनाकोट गांव में पेयजल आपूर्ति ठप होने से गांव के करीब सत्तर से अधिक परिवार बूंद बूंद पानी को तरस गए हैं। सुबह शाम कड़ाके की ठंड में ग्रामीण मजबूरी में दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। आवाज उठाए जाने के बावजूद सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने जल्द आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के टूनाकोट गांव में पिछले तीन दिनों से नलों से पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। सुबह शाम कड़ाके की ठंड में भी ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूरदराज भटकना पड़ रहा है। पानी नसीब न होने से ग्रामीणों का पारा भी चढ़ने लगा है। स्थानीय सुनील मेहरा ने आरोप लगाया की समय पर पानी के बिलों का भुगतान करने के बाद भी पानी उपलब्ध नहीं हो रहा। ठंड में भी पानी का संकट परेशानी बन चुका है। कई बार व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग उठाए जाने की मांग उठाए जाने के बावजूद विभागीय अधिकारियों के सुध न लेने पर ग्रामीणों ने रोष जताया है। ग्रामीणों के अनुसार पेयजल संकट के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बच्चे पानी ढोने में ही व्यस्त हो जा रहे हैं। देश सिंह, निर्मल, सुंदर सिंह, गोविंद सिंह, हरीश, रमेश चंद्र, प्रियांशु, विजय सिंह आदि ग्रामीणों ने एक स्वर में पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो फिर जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।




