🔳 सिल्टोना समेत तमाम गांवों में बूंद बूंद पानी को मचा हाहाकार
🔳 दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोना बनी मजबूरी
🔳 पेयजल योजना का पंप फूंकने से आपूर्ति हुई ठप
🔳 सप्ताहभर से आपूर्ति सुचारु न होने से ग्रामीणों में रोष
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में सप्ताहभर से पेयजल आपूर्ति ठप होने से बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचा हुआ है। विभिन्न गांवों के पांच सौ से भी अधिक परिवार दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से कड़ाके की ठंड में पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। आपूर्ति सुचारु न होने से ग्रामीणों का पारा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दे डाली है।
बेतालघाट ब्लॉक के सिल्टोना, ब्यासी, सीम, कठौत, बारगल, कफूल्टा, गजार, ढोन, पीलिखा समेत आसपास के तमाम गांवों को चौपता पंपिंग पेयजल योजना से पेयजल की आपूर्ति की जाती है पर सप्ताहभर से भी अधिक समय से योजना का पंप फूंक जाने से गांवों में आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। पेयजल संकट गहराने से गांवों के लोग परेशान है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। मजबूरी में ग्रामीण दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से सिर पर पानी के बर्तन ढोने को मजबूर हो चुके हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विजय कुमार के अनुसार पंप फूंकने की सूचना जल संस्थान के अधिकारियों को दी जा चुकी है‌। पेयजल आपूर्ति ठप होने से गांवों के लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विजय कुमार समेत गांवों के अन्य ग्रामीणों ने जल्द व्यवस्था दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। चेताया है कि यदि अनदेखी की गई तो जल संस्थान के कार्यालय में धरना देने को विवश होना पड़ेगा। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार योजना के दूसरे फेज का पंप फूंकने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। बाजपुर से तकनीकी टीम को बुलवा लिया गया है। जल्द ही आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *