🔳विधिवत पूजा पाठ के साथ किया गया निर्माण कार्यों का श्रीगणेश
🔳दो करोड़ रुपये के बजट से अस्तित्व में आएगी महत्वाकांक्षी योजना
🔳योजना से चार सौ से ज्यादा परिवारों को मिलेगा लाभ
🔳तीखी नजर समाचार पोर्टल ने कार्य के लंबित होने का मुद्दा उठाया तो हरकत में आया विभाग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी, खैरना तथा छड़ा क्षेत्र के सैकड़ों बाशिंदो को अब आए दिन पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। छह माह पूर्व टेंडर प्रक्रिया होने के बाद देर से ही सही पर अब दो करोड़ रुपये की लागत से बहुप्रतीक्षित पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण कार्य का श्रीगणेश कर दिया गया है। जल संस्थान के सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत के अनुसार कार्यदाई संस्था को तय समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। योजना के अस्तित्व में आने के बाद क्षेत्र के उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिल सकेगा। याद रहे की छह महीने पहले टेंडर होने के बावजूद कार्य शुरु न होने का मुद्दा बीते दस दिसंबर को तीखी नजर समाचार पोर्टल ने जोर शोर से उठाया था।
गरमपानी, खैरना तथा छड़ा क्षेत्र को दोपांखी स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पेयजल आपूर्ति होती है। बीते तीन वर्ष पूर्व अक्टूबर माह में हुई मूसलाधार बारिश से उफान में आई शिप्रा नदी तथा थुआ की पहाड़ी से जगह जगह भूस्खलन ने योजना को भारी नुकसान पहुंचाया। कई महीनों तक क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। बामुश्किल अस्थाई व्यवस्था कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की गई पर अब भी कई बार पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। लगभग बारह वर्ष पूर्व व्यापार मंडल द्वारा योजना के निर्माण की मांग उठा जल संस्थान को पत्र भी दिया गया। समस्या के स्थाई समाधान को संबंधित विभाग ने खैरना पुल के समीप से पेयजल पंपिंग योजना का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा। सरकार से लगभग दो करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के साथ ही जल संस्थान ने छह महीने पहले टेंडर प्रक्रिया भी पूरी करा ली है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी की पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से निजात मिल सकेगी पर टेंडर प्रक्रिया को छह महीने से भी अधिक का समय बीतने के बावजूद योजना का कार्य शुरु नहीं किया जा सका। तीखी नजर समाचार पोर्टल ने योजना का कार्य लंबित होने से संबंधित मामला जोरशोर से उठाया। हरकत में आए जल संस्थान ने कार्यदाई संस्था की मदद से मंगलवार को महत्वाकांक्षी योजना का कार्य शुरु करवा दिया। ग्राम प्रधान प्रेम नाथ गोस्वामी ने विधिवत पूजा पाठ कर कार्य का श्रीगणेश किया। जल संस्थान के सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत के अनुसार तय समय पर कार्य पूरा करवा उपभोक्ताओं को लाभ दिलाया जाएगा।




