🔳एनएच विभाग की अनदेखी का खामियाजा उठा रहे वाहन चालक व यात्री
🔳खस्ताहाल हाइवे पर वाहनों में आ रही तकनीकी खराबी
🔳कैंची से काकड़ीघाट तक हालत सबसे ज्यादा खतरनाक
🔳 ऊबड़-खाबड़ हाइवे पर आवाजाही बनी चुकी नियति
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों में एनएच विभाग के खिलाफ गुस्सा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग के हालात किसी ग्रामीण मोटर मार्ग जैसे हो चुके हैं। 39 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध होने के बावजूद राजमार्ग दयनीय हालत में है। डामरीकरण न होने से यात्री व पर्यटक उबड़-खाबड़ हाइवे पर आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने एनएच विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत से आवाजाही करने वाले लोग परेशान है। खस्ताहाल राजमार्ग से जाम भी बड़ी समस्या बनता जा रहा है। लोहाली, रातीघाट, रामगढ़, दो पांखी, भोर्या बैंड़ में हालात विकट हो चुके हैं। डामरीकरण न होने से वाहन चालक भी परेशान हैं। तमाम टैक्स देने के बावजूद जर्जर राजमार्ग पर आवाजाही मजबूरी बन चुकी है। आए दिन वाहनों में भी तकनीकी खराबी आ जा रही है जबकि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी, प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, नगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, फिरोज अहमद, पंकज नेगी, विक्रम सिंह, दीवान सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह आदि ने समुचित बजट के बावजूद कार्य लंबित होने पर रोष जताया है। जल्द राजमार्ग की हालत में सुधार न होने पर एनएच विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है।




