🔳 ग्राम प्रधान सिमराड ने बताई परेशानियां
🔳 महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों व विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की लगाई गुहार
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध न लेने पर जताई नाराजगी
🔳 कैबिनेट मंत्री ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे ढोकाने स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में महत्वपूर्ण विषयों की तैनाती व अन्य व्यवस्थाओं में सुधार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी, बडीबांज व गरमपानी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती का मामला स्वास्थ्य व शिक्षा मंत्री तक पहुंच गया है। सिमराड गांव के ग्राम प्रधान ने कैबिनेट मंत्री को पत्र सौंप अस्पतालों व स्कूल की व्यवस्था पर चर्चा कर जल्द तैनाती की मांग उठाई है।
गुरुवार को रामगढ़ ब्लॉक के सिमराड गांव के ग्राम प्रधान भारतेन्दु पाठक ने देहरादून में शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्यायों के समाधान की मांग उठाई। ग्राम प्रधान ने कैबिनेट मंत्री को बताया की सुयालबाड़ी, गरमपानी व बडीबांज में स्थित अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की लंबे समय से तैनाती न होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए दूरदराज रुख करना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाएं व बुजुर्गो को भी तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जीआइसी ढोकाने में कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त होने से नौनिहालों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। ग्राम प्रधान ने जनहित में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती तथा जीआइसी ढोकाने में रिक्त पड़े शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई। कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने ग्राम प्रधान को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
