🔳 बेतालघाट में 14 व श्री कैंची धाम तहसील के गांवों में 9 प्रकरण निस्तारित
🔳 जिलाधिकारी के निर्देश पर गांवों में पहुंची प्रशासन की टीम
🔳 उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से किया लाभ उठाने का आह्वान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने अविवादित विरासतन नामांतरण प्रकरणों के निस्तारण प्रक्रिया का कार्य तेज कर दिया है। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पहले दिन प्रशासन की टीमों ने अलग अलग गांवों में शिविर लगाकर 23 प्रकरणों का निस्तारण किया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन ने पहले गांवों में चौपाल लगाकर विरासतन दाखिल खारिज का कार्य किया। अब प्रशासन ने अविवादित विरासतन नामांतरण प्रकरणों के निस्तारण को अभियान शुरु कर दिया है। राजस्व विभाग की टीम ग्राम पंचायतों में लंबित प्रकरणों के निस्तारण में जुट गई है ताकी किसानों को तहसीलों के चक्कर न काटने पड़े। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने बेतालघाट व श्री कैंची धाम तहसील के अलग अलग गांवों में पहुंचकर 23 लोगों का नामांतरण विरासतन प्रकरणों का निस्तारण किया। इसमें कैंची धाम में नौ जबकि बेतालघाट में चौदह प्रकरण निस्तारित किए गए। एसडीएम मोनिका के अनुसार अभियान आगे भी जारी रहेगा। अविवादित विरासत दाखिल खारिज का कार्य शत प्रतिशत पूरा किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य भीम सिंह बिष्ट, राजस्व उपनिरीक्षक कमल जोशी, पूजा आर्या, रुपा भारती, नीरज मेहरा, देवेंद्र सिंह, विनिता देवी आदि मौजूद रहे।