🔳 भाजपा मंडल के पूर्व महामंत्री ने विधायक व डीएम को भेजा पत्र
🔳 पूर्व में हुई रजिस्ट्रियों की जांच पर भी दिया जोर
🔳 बाहरी लोगों के महंगे दामों पर जमीन की खरीद फरोख्त पर जताई चिंता
🔳 मामले की निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई की मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

भुजान – रिची मोटर मार्ग पर तिपोला व टूनाकोट समेत आसपास के क्षेत्रों में एकाएक बाहरी लोगों के जमीन खरीद फरोख्त किए जाने से भाजपा मंडल के पूर्व महामंत्री सुनील मेहरा ने आपत्ति व्यक्त कर विधायक व जिलाधिकारी को पत्र भेज जमीनों की बिक्री पर रोक लगाए जाने तथा पूर्व में हुई रजिस्ट्रियों की जांच की मांग उठाई है। रजिस्ट्रियों में गड़बड़ी किए जाने का अंदेशा भी व्यक्त किया है।
कोसी व कुंजगढ घाटी स्थित तिपोला व टूनाकोट गांव के आसपास एकाएक जमीनों की खरीद फरोख्त में तेजी आने से भाजपा मंडल पूर्व महामंत्री सुनील मेहरा ने चिंता व्यक्त की है। विधायक डा. प्रमोद नैनवाल, जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह को पत्र भेजकर जमीनों की बिक्री पर अंकुश लगाने की पुरजोर मांग उठाई है। पत्र के माध्यम से बताया है कि एकाएक बाहरी लोगों के जमीन खरीद फरोख्त करने से गांव के लोगों में असंतोष व्याप्त है। बाहरी लोग जमीनों की कीमतों में बढ़ोतरी कर रहे हैं जिससे भविष्य में स्थानीय लोग जमीन खरीदने से वंचित हो जाएंगे। अंदेशा जताया है कि पूर्व में आसपास खरीदी गई जमीनों की रजिस्ट्री में भी गड़बड़ी की गई है जबकि भारत सरकार जमीनों को भी जद में लिया गया है। मंडल महामंत्री ने संदिग्ध रजिस्ट्रियों को रद्द करने तथा बाहरी लोगों के क्षेत्र में जमीन की खरीद पर रोक लगाए जाने की मांग उठाई है। साफ कहा की यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो गांवों के लोग आंदोलन को विवश हो जाएंगे।