◾ बरसाती नाले के समीप भूधंसाव से सड़क का हिस्सा ध्वस्त
◾संकरी हुई रोड, दुर्घटना का खतरा भी हुआ दोगुना
◾क्षेत्रवासियों ने उठाई मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है। बरसाती नाले के समीप भूधंसाव से रोड़ का एक हिस्सा खाई में समा चुका है। गांव के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने मार्ग को तत्काल दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।

हाइवे से लोहाली, आटावृता, आटाखास, जौरासी, छियोडी़, धूरा, धारी, हरतोला समेत तमाम गांवों के लोग महत्वपूर्ण लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग से आवाजाही करते हैं। किसान भी उपज को इसी रास्ते हाइवे तक पहुंचाते हैं। बीते दिनों से लगातार बारिश से सोमवार सुबह चमड़ियां बरसाती नाले के समीप मोटर मार्ग एकाएक भूधंसाव की जद में आ गया। भूधंसाव के कारण मोटर मार्ग का एक हिस्सा खाई में समा गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से अब आवाजाही भी खतरनाक हो गई है। यात्री जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके है‌। वाहन चालकों के अनुसार बड़ी मुश्किल से वाहन निकल पा रहे हैं। खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय दिनेश पंत, दिनेश टम्टा, बचे सिंह, नीरज टम्टा, प्रेम टम्टा, अशोक कुमार, मनोज कुमार, राजेश कुमार, विजय कुमार, लक्ष्मण सिंह, आंनद सिंह, हेम टम्टा, राजू फुलारा, नरेश फुलारा, धीरज कांडपाल आदि ने खतरा टालने को समय रहते मोटर मार्ग दुरूस्त करने की पुरजोर मांग उठाई है।

error: Content is protected !!