🔳 जीआइसी धनियाकोट की दो बेटियों ने भी दिखाया शानदार खेल
🔳 हल्द्वानी की दीपिका व रामनगर की नंदनी ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
🔳 देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले
🔳 नैनीताल जनपद की टीम ने पाया तीसरा स्थान
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली गई राज्य स्तरीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में नैनीताल जनपद की टीम से जीआइसी धनियाकोट में अध्ययनरत दो मेधावियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जनपद की टीम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। टीम के शानदार प्रदर्शन पर खेलप्रेमियों व जनप्रतिनिधियों ने खुशी व्यक्त की है।
देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली गई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नैनीताल जनपद की टीम ने अपने सभी लीग मुकाबले जीत सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में देहरादून के साथ हुए कड़े मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में नैनीताल जनपद की टीम तीसरे स्थान पर रही। सभी मैचों में जनपद की टीम से खेल रही जीआइसी धनियाकोट में अध्ययनरत अनुष्का आर्या व तनुजा तथा हल्द्वानी की दीपिका व थारी (रामनगर) की नंदनी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। टीम कोच यशोदा साह, टीम मैनेजर सीमा कबडवाल ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद की टीम में शामिल खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त की है। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की है।
