🔳 छतोला हंटर्स की टीम को सेमीफाइनल में दी करारी शिकस्त
🔳 मैन ऑफ द मैच रोहित ने 48 गेंदों में बनाए 112 रन
🔳 चौके छक्कों की बरसात कर दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
🔳 सैकड़ों की संख्या में पहुंचे खेलप्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के मोना स्थित हिमगिरि स्टेडियम में खेली जा रही क्रिकेट चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नथुआखान व्यापार मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर छतोला हंटर्स को परास्त कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। शतकवीर पारी खेलने वाले रोहित मैन ऑफ द मैच चुने गए।
सेमिफाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नथुआखान व्यापार मंडल की शुरुआत सामान्य रही। कुछ देर बाद बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाते हुए रन गति तेज कर दी। टीम के प्रमुख बल्लेबाज रोहित ने बेहतरीन फॉर्म का परिचय देते हुए 48 गेंदों में 112 रनों की तूफानी पारी खेली। जिसमें 4 चौकों व 14 छक्कों की झड़ी लगी रही। उनके अलावा मोहित ने 26, विकास ने 23, रजत ने तेज 19 रन बनाए, जबकि अंत में निखिल 30 व युवराज 8 रन बनाकर नाबाद रहे। निर्धारित 20 ओवर में नथुवाखान व्यापार मंडल ने 7 विकेट के नुकसान पर 249 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। छतोला हंटर्स की टीम के गेंदबाजी में काफी संघर्ष देखने को मिला। कुनाल बिष्ट व आयुष पंत ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी छतोला हंटर्स की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। नथुवाखान के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए शुरुआत से ही विकेटों की झड़ी लगा दी। राहुल, युवराज और गौरव की धारदार गेंदबाजी के सामने छतोला हंटर्स के बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम मात्र 8 ओवर में 57 रन पर ऑलआउट हो गई। छतोला हंटर्स की ओर से आयुष पंत व प्रवीण ने संघर्ष किया पर अन्य कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नथुआखान व्यापार मंडल ने सेमीफाइनल मुकाबला 192 रन के विशाल अंतर से जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। सेमीफाइनल मुकाबले का लुत्फ उठाने आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।