🔳 तमाम गांवों के मध्य में स्थित है सीएचसी बेतालघाट
🔳 विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने से बना रेफर सेंटर
🔳 अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध न होने से गर्भवती महिलाएं भी परेशान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

पंचायत चुनाव का शोर के बीच तमाम गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट की बदहाली की आवाज दब गई है। लोकसभा, विधानसभा चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव में भी दावों व वादों की झडी लगी हुई है पर बेतालघाट स्थित अस्पताल की हालातों में सुधार को कोई उम्मीद दूर दूर तक नजर नहीं आ रही। अस्पताल के हालात आज भी जस के तस बने हुए है‌। वेंटिलेटर पर पहुंच चुकी स्वास्थ्य सुविधाओं से गांवों के लोग बेहद परेशान हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने से अस्पताल महज रेफर सेंटर बन चुका है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध न होने से गर्भवती महिलाओं तक को प्रसव पीड़ा में मीलों का सफर तय करना मजबूरी बन चुकी है। ऐसा नहीं की आज तक स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने व विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती का मुद्दा स्थानीय लोगों ने न उठाया हो पर जिम्मेदार सुध ही नहीं ले सके जिसका खामियाजा आज भी गांवों के लोग भुगत रहे हैं।

सूदूर गांवों से लोग बेतालघाट अस्पताल तो पहुंचते हैं पर बेहतर सुविधाओं के अभाव में लोगों को दूरदराज रुख करना पड़ता है। अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध न होने से गर्भवती महिलाएं रामनगर, काशीपुर, हल्द्वानी को रुख करने को मजबूर हैं।
नवीन चंद्र आर्या, घिरोली गांव।

कई बार विभिन्न मंचों से बेतालघाट अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को मांग उठा चुके हैं पर हमेशा अनदेखी की जाती है। जिम्मेदारों के सुध न लेने का खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अस्पताल रेफर सेंटर में तब्दील हो चुका है।
शेखर दानी, मल्ली पाली गांव

चुनावों के समय दावे तो खूब किए जाते हैं पर आज तक दावे हकीकत में नहीं बदल पाए। सुविधाओं का अभाव लंबे समय से बना हुआ है। उपचार के लिए लोग अस्पताल तो पहुंचते हैं पर बेहतर सुविधाओं के अभाव सैकड़ों किमी दूर जाकर निजी अस्पतालों की शरण लेना मजबूरी बन चुका है।
नितिन, जोशीखोला गांव

बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के खूब दावे किए जाते हैं पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के न होने से बेहतर उपचार कैसे मिलेगा यह समझ से परे है। बेतालघाट अस्पताल रेफर सेंटर के अलावा कुछ नहीं है। आज तक अल्ट्रासाउंड सेवा तक उपलब्ध नहीं है।
ठाकुर सिंह, तिवारी गांव

कई बार अधिकारियों व बड़े नेताओं को अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती व अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई जा चुकी है पर आज तक सुध नहीं ली जा सकी है। गांवों के लोग परेशान है पर नेता और अफसर मस्त है। आमजन की समस्या से किसी को कोई लेना देना नहीं है। लगातार संघर्ष कर रहे हैं आगे भी करेंगे।
बालम सिंह बोहरा, अध्यक्ष व्यापार मंडल, बेतालघाट

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दर दर की ठोकरें खाना नियति बन चुका है। बेतालघाट अस्पताल में महज प्राथमिक उपचार ही उपलब्ध है। बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ती है। कई बार मामला उठने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही।
प्रेम प्रकाश, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया गया है। चिकित्सकों के उपलब्ध होते ही बेतालघाट में प्राथमिकता से तैनाती की जाएगी। अल्ट्रासाउंड व अन्य सेवाओं के लिए भी प्रयास किया जा रहा है।
डा. सतीश पंत, प्रभारी चिकित्साधिकारी, बेतालघाट