🔳 बारहवें दिन में पहुंचा ग्रामीणों का आंदोलन
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से चढ़ने लगा है ग्रामीणों का पारा
🔳 बयेडी पंपिंग पेयजल योजना को लेकर आंदोलनरत हैं ग्रामीण
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

बयेडी पंपिंग पेयजल योजना निर्माण को लेकर बयेडी गांव में क्रमिक अनशन पर डटे ग्रामीणों का आंदोलन बारहवें दिन में प्रवेश कर गया है। लगातार अनदेखी से आहत गांव के बुजुर्ग भी आंदोलन में कूद गए हैं। बुजुर्गो ने साफ कहा की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द मांग नहीं मानी गई तो फिर आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
तमाम गांवों को पेयजल आपूर्ति के लिए प्रस्तावित बयेडी पंपिंग पेयजल योजना का लंबा समक्ष बीतने के बावजूद निर्माण न होने तथा अफसरों की वादाखिलाफी से नाराज बयेडी गांव के ग्रामीण किसान विकास संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलनरत हैं। शुक्रवार को आंदोलन के बारहवें दिन में प्रवेश करने पर गांव के बुजुर्गों ने आंदोलन की कमान संभाली। क्रमिक अनशन पर बैठे बुजुर्गों ने आरोप लगाया की लंबे समय से आंदोलन के बावजूद जिम्मेदारों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। जिम्मेदार गांवों की उपेक्षा पर आमादा हो चुके हैं। दो टूक चेतावनी दी की यदि जल्द मांगे नहीं मानी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संघर्ष समिति अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे ने कहा की झूठे वादों पर कतई भरोसा नहीं किया जाएगा। जिम्मेदार अधिकारी लिखकर आश्वासन देते तभी आंदोलन से पीछे हटा जाएगा। इस दौरान पुष्कर राम, हंसा दत्त, दीप चंद्र, ललित चंद्र, कैलाश पांडे, मोहित पांडे, प्रेम सिंह अधिकारी, जय बल्लभ उप्रेती, लीला देवी, पुष्पा पांडे, भुवन जोशी, ललित कुमार आदि मौजूद रहे।